
नई दिल्ली: कंझावला मर्डर केस में एक नया मोड़ आ गया है। कंझावला केस में युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि नहीं हुई है और ना ही युवती के प्राइवेट पार्ट पर कोई चोट के निशान मिले है। खबरों के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तीन डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा बनाई गई थी। सोमवार को तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया था। हालांकि,रिपोर्ट अभी पुलिस को सौंपी नही गई है,और अभी एफएसएल (FSL)रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
आपको बता दें कि,सोमवार शाम मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की कि 20 वर्षीय महिला की स्कूटी पर पीछे एक महिला थी। गौरतलब है कि पीड़िता अंजलि सिंह की मां और उसके परिवार के सदस्यों ने संदेह जताया था कि यह सिर्फ कार द्वारा उसके स्कूटर को टक्कर मारने और फिर उसे 12 किमी तक घसीटने का मामला नहीं हो सकता है, जिससे उसकी मौत हो सकती है।
अब हमारे पास एक चश्मदीद गवाह है
वहीं दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था), सागर प्रीत हुड्डा ने कहा कि घटना के समय पीड़िता के साथ एक और महिला थी। हुड्डा ने कहा, "उसे कोई चोट नहीं आई और घटना के बाद वह अपने घर चली गई। अब हमारे पास एक चश्मदीद गवाह है और उसका बयान 164 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत दर्ज किया जा रहा है। यह हमारे मामले को मजबूत बनाता है और हम बहुत जल्द जांच पूरी करेंगे।" हुड्डा ने कहा कि चूंकि वह डरी हुई थी, इसलिए जब दुर्घटना हुई तो वह अपने दोस्त को छोड़कर भाग गई। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के दोस्त ने किसी और के साथ हुए हादसे के बारे में नहीं बताया। हुड्डा ने कहा, "आरोपी को सजा दिलाने के लिए यह हमारे लिए अहम सबूत होगा।"
Leave a comment