
नई दिल्ली: देश में इस समय कोरोना वायरस ने हाहाकार मचा दिया है. देश इस समय बड़े ही संकट से जूझ रहा है. लेकिन, इन सबके अलावा देश कई और चुनौतियों से दो चार हो रहा है. LAC पर भारत और चीन की सीमा पर तनाव बना हुआ है. भारत नेपाल सीमा पर भी आज दो गुटों में विवाद हो गया. जिसमें बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि फायरिंग नेपाल की ओर से की गई है. जिसके बाद सीमा पर तनाव बढ़ गया.
इस संकट की घड़ी में देश के सामने एक के बाद एक चुनौतियां सामने आ रही है. ये घटना बिहार में भारत-नेपाल सीमा के पास सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना क्षेत्र की पिपरा परसाइन पंचायत में लालबन्दी स्थित जानकी नगर बॉर्डर की है. वहीं एसपी का कहना है कि नेपाली पुलिस सफ़ाई में बता रही है कि पुलिस का हथियार छीन कर भाग रहे लोगों पर नेपाली पुलिस ने गोली चलाई है. लेकिन स्थानीय लोग बॉर्डर पार जाने को लेकर विवाद में गोली चलाने की बात कह रहे हैं. फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
बताते चले कि फायरिंग की यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सीमा विवाद को लेकर नेपाल लगातार भारत के खिलाफ उकसावे की कार्रवाई कर रहा है. फायरिंग की नौबत क्यों आई इसे लेकर जांच जारी है. वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. घटना के हर पहलू को गंभीरता से देख रहे है. लेकिन, भारत नेपाल सीमा पर तनाव बढ़ गया है. बता दे नेपाल और भारत सीमा पर तनाव बढ़ने का कारण कालापानी क्षेत्र है. जिसे नेपाल अपने होने का दावा कर रहा है. भारत सरकार ने भी नया नक्शा जारी करके इस क्षेत्र को अपना बताया है. जिसके बाद दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है. हालांकि, इस मुद्दे पर अभी कोई समाधान सामने नहीं आया है.
Leave a comment