
Jammu and Kashmir Rajouri Encounter: जम्मू-कश्मीर के राजौरी के नारला में आतंकियों से मुठभेड़ की खबर है। यहां आतंकियों के छिपे होने की खुफिया इनपुट मिलने के बाद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और सेना के जवानों ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है। खुद को घिरा देख उन्होंने आतंकियों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसका भारतीय सुरक्षा बलों ने जवाब दिया। इस मुठभेड़ में 2 जवानों के घायल होने की खबर है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। माना जा रहा है कि इलाके में 3 से 4 आतंकी छिपे हो सकते हैं।
जम्मू क्षेत्र के ADGPमुकेश सिंह ने मुठभेड़ के बारे में जानकारी देते हुए कहा, 'यह मुठभेड़ जम्मू क्षेत्र के राजौरी जिले के नरला इलाके में हुई। आतंकियों की फायरिंग के बाद सुरक्षा बलों की ओर से जवाबी फायरिंग की गई. एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शुरुआती गोलीबारी में एक सैनिक घायल हो गया, जिसके बाद आतंकवादियों को मारने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को इलाके में भेजा गया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने सोमवार शाम को जंगली पतराडा इलाके में तलाशी और घेराबंदी अभियान चलाया था और 2 व्यक्तियों की संदिग्ध हरकत देखने के बाद कुछ राउंड फायरिंग की थी।
हालांकि, दोनों संदिग्ध अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर घटनास्थल से भागने में सफल रहे और अपने पीछे एक बैग छोड़ गए, जिसे खोज दलों ने कुछ कपड़े और अन्य वस्तुओं के साथ बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि इन आतंकियों का पता लगाने के लिए बंबले और नारला समेत आसपास के इलाकों में घेराबंदी और तलाशी अभियान बढ़ा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आखिरी रिपोर्ट मिलने तक दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी जारी थी।
Leave a comment