
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर विदेशी सैलानियों से पुलिस के ही दो हेड कांस्टेबलों ने 50 लाख के सोने की लूट को अंजाम दे दिया है। ये दोनों आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के स्पेशल ऑपरेशन स्क्वाड में तैनात थे। दोनो पर आरोप है कि इन्होंने मस्कट और दुबई से आए लोगों को रोका और जांच के नाम पर पूरा सोना छीन लिया। बताया जा रहा है कि विदेश से आए लोग सोना किसी दूसरे को देने के लिए लाए थे। पुलिस को शक है कि ये सोना तस्करी करके भारत लाया गया है।
दोनों सिपाही निलंबित
आपको बता दें कि, दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के कॉन्स्टेबल पर सोना लूट का आरोप लगते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी सक्रिय हो गए। अधिकारियों ने संज्ञान लेकर केस दर्ज किया। आरोपी खाकी वर्दीधारियों को निलंबित कर दिया गया। इन पुलिसकर्मियों ने ये सोना मस्कट और दुबई से आए अलग-अलग लोगों से लूटा है। पुलिस के मुताबिक मस्कट से आए राजस्थान निवासी ने 24 दिसंबर को शिकायत दर्ज कराई है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने 20 दिसंबर की रात में उसे जंगल में ले जाकर 600 ग्राम सोना लूटा और उसके साथ मारपीट भी की।
तस्करी के एंगल पर भी जांच
वहीं दुबई से लौटे तेलंगाना निवासी ने भी शिकायत दर्ज कराई कि इसी दिन उससे दोनों पुलिसकर्मियों ने 400 ग्राम सोना लूटा। अब दिल्ली पुलिस इस मामले में तस्करी के एंगल पर भी जांच कर रही है। कारण दोनों शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि ये सोना उन्हें विदेश से लाकर भारत में किसी और को देने के लिए कहा गया था। माना जा रहा है कि दिल्ली में जिन लोगों को ये सोना दिया जाना था, वह तस्करी में शामिल हैं। फिलहाल पुलिस उन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
Leave a comment