Jharkhand CM Oath Ceremony: हेमंत सोरेन झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे, ये दिग्गज नेता होंगे शामिल

Hemant Soren Oath Taking Ceremony: हेमंत सोरेन आज यानी गुरुवार (28 नवंबर) को रांची के मोराबादी मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उन्हें शाम 4 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। कांग्रेस के महासचिव और झारखंड के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने बताया कि हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण समारोह में अकेले शपथ लेंगे और विश्वास मत हासिल करने के बाद अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में कौन-कौन होगा शामिल?
हेमंत सोरेन ने जनता से इस ऐतिहासिक मौके पर उपस्थित होने की अपील की है और कार्यक्रम के लिए एक लाइव स्ट्रीम का लिंक भी साझा किया है। इस अवसर पर विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के कई प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे। ये प्रमुख नेता हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगेः
- कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
- कांग्रेस नेता राहुल गांधी
- एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार
- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
- मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा
- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान
- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू
- सीपीआई (एमएल) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य
- आप नेता अरविंद केजरीवाल
- शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे
- समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव
- पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती
- तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन
- कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार
- बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव
हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण के लिए पूरे शहर में बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं और सुरक्षा तथा ट्रैफिक के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
हेमंत सोरेन का चौथा कार्यकाल
यह हेमंत सोरेन का मुख्यमंत्री के रूप में चौथा कार्यकाल होगा। उन्होंने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में बरहेट सीट से जीत हासिल की, जहां उन्होंने बीजेपी के गमालियल हेम्ब्रम को 39,791 वोटों के अंतर से हराया। सोरेन की जेएमएम (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को केवल 24 सीटें मिलीं।
Leave a comment