Haryana News: हरियाणा के सिरसा से विधायक गोकुल सेतिया को बीती रात को फोन पर गाली-गलौज और धमकियां दी गई हैं। विधायक ने इस मामले में पुलिस प्रशासन के पास लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं, उन्होंने विधायकों और आम जनता की सुरक्षा को लेकर सरकार पर सवाल खड़ा किया हैं। सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया ने खुद विधायक मीडिया के सामने इस पूरी घटना का खुलासा किया है। उनके मुताबिक, रात के करीब 2 बजे उनके फोन पर एक कॉल आई, जिसमें सामने वाले व्यक्ति ने सीधे अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया और उन्हें लगातार धमकियाँ दीं। विधायक ने बताया कि केवल एक बार नहीं, बल्कि इसके बाद दूसरी और तीसरी बार भी फोन आया। शुरुआत में संयम रखने के बाद, विधायक ने भी उसी की भाषा में करारा जवाब दिया।
मीडिया से बातचीत में विधायक गोकुल सेतिया ने पुलिस प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के 90 विधायकों की ही सुरक्षा सुनिश्चित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। विधायक ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
वहीं “कॉकरोच जनता पार्टी” को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक गोकुल सेतिया ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम युवाओं की भावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा नौकरी, भविष्य और परिवार की सुरक्षा को लेकर भारी मानसिक दबाव में है।
इंसान की जान की कीमत कम होती जा रही है- विधायक
गोकुल सेतिया ने कहा कि आज देश में इंसान की जान की कीमत कम होती जा रही है। उन्होंने कहा कि आज की Gen-Z पीढ़ी विकसित देशों से भारत की तुलना करती है और यही तुलना युवाओं में नाराजगी और रोष पैदा कर रही है। विधायक ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य तय करते हैं और यदि युवा वर्ग ही असंतुष्ट होगा तो यह देश के लिए चिंता का विषय है।
पेट्रोल डीजल की कीमतों पर बोले गोकुल सेतिया
पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों पर भी विधायक ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महंगाई की मार सीधे आम आदमी पर पड़ रही है। चुनाव समाप्त होते ही ईंधन के दाम बढ़ा दिए गए हैं और सरकार लगातार जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम कर रही है।