
HARYANA NEWS: हरियाणा के पंचकूला जिले की इंदिरा कॉलोनी में राजीव गुप्ता, जो 9 अगस्त से लापता थे, उनकी गुमशुदगी अब एक सनसनीखेज मर्डर केस में बदल चुकी है। पुलिस ने 14 दिन की तफ्तीश के बाद पिंजौर के सुखोमाजरी गांव के जंगल में एक खड्डे से युवक का शव बरामद किया है। शव को जमीन में गाड़ा गया था, जिसे पोकलेन मशीन मंगवाकर करीब 5 से 6 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि प्रेम प्रसंग के चलते राजीव की हत्या की गई। पहले उसे किडनैप किया गया, फिर बेरहमी से मारकर शव को जंगल में ठिकाने लगा दिया गया। इस मामले में पंचकूला पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उनकी निशानदेही पर शव भी बरामद हुआ। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट राहुल बारकोडिया, डिटेक्टिव पुलिस अधिकारी मनदीप डंडा और SHO पिंजौर मौजूद रहे।
पुलिस ने किया दावा
चौंकाने वाली बात यह है कि 9 अगस्त की शाम को राजीव ने अपनी पत्नी को बापूधाम छोड़ा था, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिवार ने पहले आईटी पार्क थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, लेकिन पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस करने के बाद जांच की दिशा बदली और अब ये मामला हत्या तक पहुंच गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
Leave a comment