Haryana News: बेहतर भविष्य बनाने और परिवार का सहारा बनने की उम्मीद लेकर इंग्लैंड गए हरियाणा के इंद्री के गांव धमनहेड़ी के 20 वर्षीय युवक कवलजीत की अचानक मौत हो गई। करीब दो महीने पहले ही परिवार ने 16 लाख रुपये खर्च कर उसे इंग्लैंड भेजा था। बीती रात परिजनों के पास उसकी मौत की सूचना देने के लिए फोन आया तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
कवलजीत के चाचा लखविंदर ने बताया कि उनका भतीजा करीब दो महीने पहले बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर इंग्लैंड गया था। परिवार ने उसे विदेश भेजने के लिए करीब 16 लाख रुपये खर्च किए थे। परिजनों को उम्मीद थी कि कवलजीत विदेश में मेहनत करके परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद करेगा, लेकिन अचानक उसकी मौत की खबर ने परिवार के सपनों को तोड़कर रख दिया।
लखविंदर ने बताया कि परिवार में कवलजीत की एक बड़ी बहन और एक भाई है। उसकी बहन की शादी फरवरी में तय की गई है। परिवार पहले ही आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा है और अब इस दुखद घटना ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। जिस बेटे को परिवार ने बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ विदेश भेजा था, उसकी मौत की खबर से परिजन गहरे सदमे में हैं।
कवलजीत के चाचा लखविंदर ने सरकार से मांग की है कि युवक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाए, ताकि परिवार अपने बेटे के अंतिम दर्शन कर सके और उसका अंतिम संस्कार कर सके। परिवार ने इस मुश्किल घड़ी में सरकार से मदद की उम्मीद जताई है।