Delhi News: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी करते हुए एक व्यक्ति गिरफ्तार कर लिया है। दुबई से आए एक यात्री के सामान की तलाशी के दौरान करीब 4 करोड़ रुपये कीमत का सोना बरामद किया गया। सोने की छड़ों को सामान में लगे फ्लोर स्प्रिंग के अंदर छिपाकर रखा गया था। कस्टम विभाग ने बरामद सोने को जब्त कर कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
दुबई से फ्लाइट EK-512 के जरिए आया था यात्री
जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को दुबई से फ्लाइट EK-512 के जरिए दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री को स्पॉट प्रोफाइलिंग के आधार पर रोका गया। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने उसके सामान की तलाशी ली। जांच के दौरान सामान में लगे फ्लोर स्प्रिंग के अंदर छिपाकर रखी गई सोने की छड़ें बरामद हुईं।
3.20 किलोग्राम सोने की छड़ें बरामद
कस्टम विभाग के मुताबिक, बरामद सोने का कुल वजन 3.20 किलोग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 4.03 करोड़ रुपये बताई गई है। सोने को छिपाकर लाने के मामले में कस्टम विभाग ने कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच की जा रही है। अधिकारियों की जांच के बाद ही सोने की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं का पता चल सकेगा।