HARYANA NEWS: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में यमुनानगर के सिविल सर्जन (CMO) डॉ. मंजीत सिंह की मौत हो गई है। वह 55 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि उन्हें कुरुक्षेत्र में फार्म हाउस पर हार्टअटैक आया। मंजीत सिंह पर यमुनानगर की 25 वर्षीय लेडी डॉक्टर ने यौन शोषण और एससी-एसटी एक्ट में 20 सितंबर को केस दर्ज कराया था। आरोप था कि सीएमओ ने फोन करके संबंध बनाने का दबाव बनाया। लेडी डॉक्टर ने कॉल रिकॉर्ड कर ली थी, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया।
इसके बाद से सीएमओ पुलिस से बचते फिर रहे थे। लोकल कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई थी। कॉल रिकॉर्डिंग सुनने के बाद कोर्ट ने कहा था कि ये बहुत ही आपत्तिजनक और अश्लील शब्द कहे। लोकल कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी खारिज होने के बाद अब सीएमओ हाईकोर्ट जाने की तैयारी में थे। बताया जा रहा है कि वे कुरुक्षेत्र जिले के झांस के शांतिनगर कुरड़ी में फार्म हाउस में थे। रविवार रात को सही सलामत सोए थे। इसी बीच तबीयत बिगड़ी। कुरुक्षेत्र सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया है।
जांच में जुटी पुलिस
कुरुक्षेत्र सीएमओ डॉक्टर सुखबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एलएनजेपी अस्पताल में डॉक्टर मंजीत का शव पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अभी पोस्टमार्टम के बाद ही पता लग पाएगा कि डॉक्टर मंजीत की मृत्यु किन कारणों से हुई है।एलएनजेपी हॉस्पिटल PMO डॉक्टर सारा अग्रवाल ने कहा कि उनके पास डॉक्टर मंजीत की पत्नी का फोन आया था। जिसके बाद उन्होंने उनके घर एंबुलेंस भेजी थी। और वहां से डॉ मंजीत का शव कुरुक्षेत्र के LNJP हॉस्पिटल में लाया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।
Leave a comment