पूर्व BJP नेता कर्णदेव कंबोज कांग्रेस में शामिल, CM सैनी से हाथ मिलाने से इनकार का वीडियो हुआ था वायरल

पूर्व BJP नेता कर्णदेव कंबोज कांग्रेस में शामिल, CM सैनी से हाथ मिलाने से इनकार का वीडियो हुआ था वायरल

Haryana Assembly Elections 2024:हरियाणा के करनाल जिले की इंद्री विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के टिकट वितरण से नाराज पूर्व राज्यमंत्री और पूर्व विधायक कर्णदेव कंबोज ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कंबोज ने कांग्रेस में शामिल होते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और चौधरी उदयभान के नेतृत्व को स्वीकार किया है। कंबोज का भाजपा छोड़ना भाजपा के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है, क्योंकि वह हरियाणा में ओबीसी वर्ग के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं और कंबोज समाज में उनकी गहरी पकड़ है। कंबोज ने भाजपा पर ओबीसी वर्ग की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

कर्णदेव कंबोज लंबे समय से इंद्री विधानसभा सीट पर टिकट की मांग कर रहे थे। हालांकि, भाजपा ने उनकी मांग को नजरअंदाज करते हुए मौजूदा विधायक राम कुमार कश्यप को ही फिर से टिकट दे दिया। इससे निराश होकर कंबोज ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।

मुख्यमंत्री सैनी से हाथ मिलाने से इनकार का वीडियो वायरल

भाजपा से टिकट कटने के बाद नाराज कर्णदेव कंबोज को मनाने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी उनके घर गए थे। जब मुख्यमंत्री सैनी ने कंबोज से हाथ मिलाने की कोशिश की, तो कंबोज ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और साइड में बैठ गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कंबोज ने सीएम सैनी के सामने से हाथ जोड़े हुए गुजरते हुए उनकी पेशकश को ठुकरा दिया और आगे बढ़ गए।

भाजपा की नीतियों पर कर्णदेव की नाराजगी

कर्णदेव कंबोज ने अपने इस्तीफे में भाजपा की नीतियों पर असंतोष जताते हुए लिखा कि भाजपा अब वह पार्टी नहीं रही, जिसे पंडित दीन दयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बनाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब पार्टी में उन गद्दारों को तरजीह दी जाती है, जो पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

Leave a comment