
Surajkund Mela: हरियाणा के फरीदाबाद में 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेले में इस बार जेल में बंद कैदियों द्वारा बनाया गया लकड़ी का फर्नीचर लोगों को खूब पसंद आ रहा है। हरियाणा प्रदेश के 22 जिलों की 18 जेलों में बंद कैदियों ने अपने हुनर से कई तरह के सुंदर और मजबूत सामान तैयार किए हैं, जिन्हें मेले में प्रदर्शित किया गया है। शुद्ध शीशम और सागवान की लकड़ी से बने ये फर्नीचर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। मेले में भगवान के मंदिर, लकड़ी की घड़ियां, टेबल, सोफा, चेयर, झूले, डबल बेड, अलमारी, फोटो फ्रेम, बच्चों के खिलौने, छोटे बच्चों के लिए स्टडी टेबल, दाल मथने की मथनी और घर की सजावट का सामान शामिल है। इन सभी उत्पादों की पॉलिशिंग और फिनिशिंग आधुनिक तरीके से की गई है।
फरीदाबाद जिला जेल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट मोहम्मद साजिद खान ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी जेल में बंद कैदियों द्वारा बनाए गए सामान सूरजकुंड मेले में लाए गए हैं। फरीदाबाद, गुरुग्राम, यमुनानगर, सोनीपत, अंबाला, रोहतक, झज्जर और भिवानी सहित 18 जेलों के कैदियों द्वारा तैयार किया गया सामान यहां प्रदर्शित है। उन्होंने बताया कि जेल में बंद कैदियों को रोजगार के रूप में प्रतिदिन करीब 8 घंटे काम करने का मौका दिया जाता है। जो कैदी पढ़ना या कोई हुनर सीखना चाहते हैं, उनके लिए भी सुविधा है। इन सामानों की बिक्री से मिलने वाली राशि प्रिजन वेलफेयर फंड में जाती है, जिससे कैदियों को लाभ मिलता है।
Leave a comment