Haryana News: हरियाणा के बवानी खेड़ा में कांग्रेस की ओर से ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की सैनी सरकार पर जबरदस्त निशाना साधा।
रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने संबोधन में प्रदेश और देश के मौजूदा हालात को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज अपराध, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से आम जनता परेशान है। किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को नहरों में पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है और खाद की किल्लत भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, जबकि कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए गुजरात में स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी मेडल हरियाणा के खिलाड़ी लेकर आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जो वादे किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं किया। चाहे वह लाडो लक्ष्मी योजना हो, नहरों में पानी देने का वादा हो या न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी की बात, सरकार ने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग को दुखी कर रखा है।
हुड्डा ने उठाया युवाओं से जुड़ा मुद्दा
दीपेंद्र हुड्डा ने युवाओं से जुड़े मुद्दे को भी अपने संबोधन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहा है। उन्होंने जंतर-मंतर पर युवाओं द्वारा किए गए विरोध-प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं की आवाज को सरकार को गंभीरता से सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने का काम कर रहे हैं। सम्मेलन के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
कांग्रेस भाजपा को हराकर सरकार बनाएगी- जेपी
सम्मेलन को संबोधित करते हुए हिसार सांसद जयप्रकाश जेपी ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार अपनी राजनीतिक गतिविधियों को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयोजित किए जा रहे ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और लोग भाग ले रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2029 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा को हराकर सरकार बनाएगी।