
सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले के मुरथल रोड पर गंदा नाला के पास स्थित पीजी में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए महिला के परिचित युवक को हिरासत में ले लिया है।
आरोपी रवि करनाल के घरौंडा का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में चुनरी से गला दबाने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि महिला युवक से अक्सर रुपयों की मांग करती थी। जिससे परेशान होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।
सेक्टर-14 निवासी आशा राम गर्ग ने पुलिस को शिकायत दी है कि उनकी मुरथल रोड पर प्रॉपर्टी है। जिसमें उनका बेटा प्रवीन कुमार ग्राउंड फ्लोर पर साइबर कैफे चलाता है। कैफे के ऊपर पहले पीजी चलता था, जो कोविड के बाद से बंद है। सोमवार को उन्हें पता गला कि पीजी के केबिन में महिला का शव पड़ा है। जब उसने अपने बेटे प्रवीन से बातचीत की तो उसने बताया कि साइबर कैफे पर रविवार शाम को एक महिला और युवक आए थे। उन्होंने उसके बेटे को 200 रुपये देकर कुछ देर बैठने के लिए बंद पीजी का केबिन लिया था।
कुछ देर बाद जब वह लघुशंका को जा रहा था तो उसे युवक वहां से जाता दिखाई दिया था। उसे लगा कि महिला भी उसके साथ चली गई होगी। जिस पर वह रात को कैफे बंद कर आ गया था। महिला की पहचान मुरथल थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली 32 वर्षीय महिला के रूप में हुई थी। वह चार बच्चों की मां थी और दो दिन से लापता थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम में गला दबाने से हत्या का पता लगा। जिस पर पुलिस ने आशाराम गर्ग के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
डीएसपी रमेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम में महिला की गला दबाकर हत्या होने की पुष्टि हो गई है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद महिला के परिचित युवक करनाल के घरौंडा निवासी रवि को हिरासत में ले लिया है। वह सोनीपत शहर में महिला के मायके के आसपास व अन्य स्थानों पर काम करता था। वह जेसीबी पर काम करता था। जिससे उसकी महिला से जान पहचान हो गई थी।
युवक ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि महिला उससे लगातार पैसों की मांग कर रही थी। पैसे नहीं देने पर उसे फंसाने की धमकी देने लगी थी। वह इससे परेशान था। साथ ही उसे पता लगा कि महिला की अन्य युवकों से भी बोलचाल है। वह दो दिन पहले उसे साथ लेकर आया था। वापस लौटने पर वह फिर से रुपयों का दबाव बना रही थी। इसके चलते वह उसे बंद पड़े पीजी में ले आया और चुनरी से गला दबाकर उसकी हत्या कर ली। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
Leave a comment