Haryana News: हरियाणा के अंबाला में ऐतिहासिक वामन द्वादशी मेले की पहली संध्या का भव्य आगाज हुआ। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया और भगवान वामन के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सनातन धर्म सभा को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सवा सौ साल पुरानी यह परंपरा अंबाला की आस्था, संस्कृति और विरासत का प्रतीक है।
अंबाला शहर में आयोजित उत्तर भारत के प्रसिद्ध वामन द्वादशी मेले की पहली संध्या का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने भगवान वामन के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूर्व मंत्री असीम गोयल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सनातन धर्म सभा को मेले की गतिविधियों के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि करीब सवा सौ वर्षों से चली आ रही वामन द्वादशी मेले की परंपरा अंबाला की आस्था, संस्कृति और विरासत का प्रतीक है, जिसे पीढ़ी-दर-पीढ़ी लोग आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सनातन धर्म सभा, मंदिर समितियों, स्वयंसेवकों और अंबाला वासियों की इस परंपरा को जीवंत रखने के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म सभा धार्मिक आयोजनों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसेवा और जरूरतमंदों की मदद जैसे सामाजिक कार्य भी कर रही है मुख्यमंत्री ने भगवान वामन के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हमें विनम्रता, वचन की मर्यादा, समर्पण और सत्य एवं कर्तव्य के मार्ग पर चलने की सीख देता है। उन्होंने भगवान वामन से प्रार्थना की कि हर परिवार में सुख-समृद्धि आए और सभी के जीवन में खुशियां बनी रहें।