
नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन को 2 साल से ज्यादा का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक उनके फैन्स इससे उबर नहीं पाए है। सोशल मीडिया पर आज भी फैन्स अपने इस फेवरिट स्टार के लिए भावुक है। अब सुशांत के फैन्स ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट पर नाराज हो गए है। फ्लिपकार्ट पर एक टी-शर्ट की बिक्री की जा रही है जिसमें सुशांत सिंह राजपूत की तस्वीर को डिप्रेशन के साथ जोड़ा गया है।
फ्लिपकार्ट पर एक राउंड नेक की टी-शर्ट बिक रही है। जिसमें सुशांत सिंह की प्रिंटेड तस्वीर के साथ लिखा हुआ है, डिप्रेशन डूबने के जैसा है। इस पर सुशांत के फैन्स नाराज हो गए हैं। सुशांत के फैन्स का सोशल मीडिया पर कहना है कि उनके स्टार डिप्रेशन के मरीज नहीं बल्कि ‘बॉलीवुड माफिया’ के शिकार हुए थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर ‘बॉयकॉट फ्लिपकार्ट’ ट्रेंड कर रहा है। इस विज्ञापन के वायरल होने के बाद कई लोगों ने कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है और कई लोगों ने तो ई-कॉमर्स कंपनी को गलत मेसेज फैलाने के लिए नोटिस भी भिजवा दिया है।
एक यूजर ने इस बारे में ट्वीट करते हुए लिखा, ‘एक आम और जिम्मेदार नागरिक होने के नाते मैं आज रात फ्लिपकार्ट को नोटिस भेजूंगा।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘देश अभी सुशांत की दर्दनाक मौत के सदमे से उबरा भी नहीं है। हम न्याय के लिए आवाज उठाते रहेंगे। फ्लिपकार्ट को इस जघन्य अपराध के लिए शर्म आनी चाहिए और माफी मांगते हुए वादा करना चाहिए कि ऐसा आगे कभी नहीं होगा।’
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत का निधन 14 जून 2020 को हुआ था। वह अपने मुंबई के फ्लैट में फांसी के फंदे पर लटकते पाए गए थे। केस की जांच में मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या करार दिया था। हालांकि सुशांत के परिवार की मांग पर इस केस की जांच बाद में सीबीआई को दे दी गई थी। वहीं सुशांत सिंह ने बॉलीवुड को कई शांदार फिल्में दी है जिसमें काई पो छे, एम एस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी जैसे कई फिल्म शामिल है।
Leave a comment