धौलपुर: राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा कस्बे में गुरुवार चैत्र शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया इस अवसर पर कस्बे में शोभायात्रा का भी आयोजन किया गया. शोभायात्रा कस्बे के प्रसिद्ध महतेकी हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई जो कस्बे के हाट मैदान होते हुए मुख्य बाजार में निकाली गई।
इस अवसर पर शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।शोभायात्रा में करीब 2 दर्जन से अधिक झांकियां निकाली गई जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ बाहर से भी आए कलाकारों ने भाग लिया। शोभायात्रा में बैंड बाजों की मनोहारी धुन पर लोग थिरकते हुए नजर आए वहीं मुख्य बाजार के रामखिलाड़ी वाले चैराहे पर कमेटी द्वारा मंच लगाया गया जहां कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक पवन जैन ने की.हनुमान जयंती महोत्सव कमेटी एवं मंचासीन अतिथियों ने शोभायात्रा में शामिल झांकियों और भामाशाहों को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद नजर आईं।
मुस्लिम समाज ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
राजाखेड़ा में आयोजित शोभायात्रा में गंगा-जमुनी तहजीब देखने को मिली.शाही जामा मस्जिद कमेटी के व्यवस्थापक अफसर पठान एवं आजाद अब्बासी के आह्वान पर हनुमान जयंती शोभायात्रा के दौरान आयोजक कमेटी के सदस्यों का फूल माला पहना एवं झांकियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
इस मौके पर सदर अयूब पठान ने सभी लोगों से आपसी भाईचारा और प्रेम भाव बनाए रखने की अपील की। अफसर पठान व आजाद अब्बासी ने बताया कि ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा और प्रेम भाव बना रहता है। इस मौके पर नूर बेग, मिर्जा दौलत शेर रज्जन खान, बादशाह खान, कदीर खान,आबिद खान, लल्लू हारून पठान, भूरा खान,आदि लोग मौजूद रहे।