‘मतपेटियों को लूटने वालों के सपने हुए चूर चूर’, SC के EVM-VVPAT के फैसले पर बोले पीएम मोदी

‘मतपेटियों को लूटने वालों के सपने हुए चूर चूर’, SC के EVM-VVPAT के फैसले पर बोले पीएम मोदी

Lok Sabha Election 2024: आज देश में दूसरे चरण का मतदान चल रहा है। इसी बीच पीएम मोदी चुनावी रैली के लिए बिहार के अररिया पहुंचे। इस दौरान EVM पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर पीएम मोदी ने विपक्ष को जमकर घेरा। पीएम मोदी ने कहा, ‘2024 का ये चुनाव भारत को आर्थिक और सामरिक रूप से शक्तिशाली बनाने के लिए है।इसमें, बिहार के आप सभी जागरूक भाई-बहनों की बहुत बड़ी भूमिका है।

बिहार की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा,‘गुलामी के लंबे कालखंड से पहले जब बिहार समृद्ध था, तब भारत एक महाशक्ति था।आज जब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने के लिए चल पड़ा है, तो बिहार की भी इसमें बहुत बड़ी भूमिका है।‘ विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, ‘RJD और कांग्रेस के INDI गठबंधन को न देश के संविधान की परवाह है और न ही लोकतंत्र की परवाह है।ये वो लोग हैं, जिन्होंने दशकों तक बैलेट पेपर के बहाने लोगों का, गरीबों का अधिकार छीना।पोलिंग बूथ लूट लिए जाते थे, बैलेट पेपर लूट लिए जाते थे।‘

EVM को लेकर विपक्ष पर बोला हमला

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी बोले, ‘अब जब गरीबों को, देश के ईमानदार मतदाता को EVM की ताकत मिली है, तो ये जो चुनाव के दिन लूट चलाते थे, वोट हड़पने के खेल खेलते थे, अभी भी वो परेशान है।इसलिए उनका दिनरात यही काम रहता है कि कैसे भी करके EVM हटना चाहिए। INDI गठबंधन के हर नेता ने EVM को लेकर जनता के मन में संदेह पैदा करने का पाप किया है।लेकिन आज देश के लोकतंत्र और बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान की ताकत देखिए, आज सुप्रीम कोर्ट ने मतपेटियों को लूटने का इरादा रखने वालों को ऐसा गहरा झटका दिया है कि उनके सारे सपने चूर-चूर हो गए हैं।‘

अपने स्वार्थ के लिए EVM को बदनाम कर रहे

पीएम मोदी ने कहा,आज सुप्रीम कोर्ट ने साफ-साफ कह दिया है कि बैलेट पेपर वाला पुराना दौर वापस लौटकर नहीं आएगा।आज जब पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र की, भारत की चुनाव प्रक्रिया की, चुनाव में टेक्नोलॉजी के उपयोग की वाहवाही करती है, तब ये लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए EVM को बदनाम करने पर लगे पड़े थे।इन्होंने लोकतंत्र के साथ लगातार विश्वासघात करने की कोशिश की है।’

Leave a comment