
Delhi School Bomb Threat: दिल्ली के 50 स्कूलों को बुधवार, 20 अगस्त को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्कूल प्रशासन को ये धमकी ई-मेल द्वारा भेजी गई है। नजफगढ़ के एक स्कूल और मालवीय नगर के एक अन्य स्कूल को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची है। अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। जानकारी के लिए बता दें कि बीते कुछ दिनों से दिल्ली के स्कूल और कॉलेजों को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। बीते सोमवार को आई धमकी में पैसों की मांग भी की गई है।
स्कूलों से मांगे गए पैसे
बता दें कि सोमवार को दिल्ली के जिन 32 स्कूलों को धमकी भरे मेल मिले, उन स्कूलों से 435,427.50 रुपये, यानी 500 अमेरिकी डॉलर, की मांग की गई थी। पैसे नहीं देने पर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इससे पहले स्कूलों और कॉलेजों समेत कई शैक्षणिक संस्थानों को मिले धमकी भरे मेल में पैसे की मांग नहीं की गई थी। स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के 32 स्कूलों, यानी दक्षिण जिले के 7, दक्षिण-पश्चिमी जिले के 13, द्वारका के 11 और मध्य जिले के 1 स्कूल को बम से उड़ाने के धमकी भरे मेल मिले थे। सभी स्कूलों को मिले मेल एक जैसे हैं और सभी जी जीमेल आईडी से भेजे गए हैं।
दहशत फैलाने की मनसा
दिल्ली पुलिस ने बताया कि ऐसी जानकारी सामने आ रही है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का इसके पीछे हाथ है। आईएसआई की ये मंशा हो सकती है कि धमकी भरे मेल भेजने से एक तो स्कूलों, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में दहशत फैलेगी, दूसरा धमकी भरे मेलों से सुरक्षा एजेंसियां बिजी होंगी और रिसोर्स खत्म होंगे।
दूसरे देश का मिला आईपी एड्रेस
साथ ही पुलिस ने ये भी बताया कि मेल भेजने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल किया गया है। इसका इस्तेमाल करने से मेल भेजने के बाद आईपी एड्रेस किसी भी देश का बन जाता है। स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त अमित कौशिक ने बताया कि वीपीएन का अभी तक कोई तोड़ नहीं है। वीपीएन प्रोवाइड करने वाली एजेंसियां इसकी डिटेल नहीं देती हैं। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गूगल से जब धमकी भरे मेल भेजने के बाद जानकारी मांगी गई तो जानकारी देने से मना कर दिया गया। गूगल ने सिर्फ इतना बताया कि धमकी भरे मेल विदेशी आईपी एड्रेस से भेजे गए हैं।
Leave a comment