
Delhi News: दिल्ली पुलिस और कस्टम विभाग ने राजधानी में नशे के दो विशाल ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 30करोड़ रुपये से ज्यादा की कीमत की हेरोइन और मारिजुआना (गांजा) जब्त किया गया है। इसी के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया है। यह कार्रवाई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और नंद नगरी इलाके में अलग-अलग स्थानों पर की गई।
हवाई अड्डे पर 25करोड़ का गांजा जब्त
जानकारी के अनुसार, पहला मामला 21अगस्त का है। जब कस्टम अधिकारियों ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3पर एक भारतीय यात्री को पकड़ा। यह यात्री बैंकॉक से सिंगापुर के रास्ते दिल्ली पहुंचा था। ग्रीन चैनल से निकलते समय उसके ट्रॉली बैग की एक्स-रे स्कैनिंग में संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। तलाशी के दौरान बैग से 25किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25करोड़ रुपये आंकी गई है। जिसके बाद यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
नंद नगरी में हेरोइन तस्करी का खुलासा
तो वहीं, दूसरा मामला दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की कार्रवाई से जुड़ा है। 22अगस्त को पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में छापेमारी के दौरान दो महिला तस्करों, सीमा (54) और उनकी भाभी समिता (43) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 1049ग्राम हेरोइन, एक नीला स्कूटर, नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। दोनों महिलाएं जीटीबी अस्पताल के पास उस समय पकड़ी गईं, जब वे नंद नगरी की झुग्गी कॉलोनी में हेरोइन की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रही थीं।
क्राइम ब्रांच ने क्या बताया?
डीसीपी (क्राइम ब्रांच) संजीव कुमार यादव ने बताया कि सीमा पिछले दो दशकों से दिल्ली के नशीले पदार्थों के नेटवर्क में सक्रिय है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत 10 और आबकारी एक्ट के तहत 30 मामले दर्ज हैं। सीमा इस सिंडिकेट की केंद्रीय समन्वयक थी, जो नशीले पदार्थों की खरीद, भंडारण और वितरण का काम देखती थी, जबकि समिता स्थानीय स्तर पर उसका सहयोग करती थी। वहीं, अब पुलिस इन तस्करों के सप्लाई स्रोतों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
Leave a comment