
Delhi News: राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि उनकी सरकार यमुनापार के विकास को लेकर बेहद गंभीर है। अब यमुनापार में तेजी से विकास कार्य होंगे और इसके लिए बजट की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यमुनापार के विकास को लेकर जो भी आकलन किया जाएगा, सरकार उसी की अनुरूप बजट देने में कोई संकोच नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने यह विचार आज एशिया की सबसे बड़ी रेडीमेड गारमेंट्स मार्किट गांधी नगर स्थित अशोक बाजार में आयोजित ‘वस्त्रिका-2025’ में व्यक्त किए। हमारी सरकार यमुनापार क्षेत्र को पूरी ताकत के साथ फिर से दिल्ली के विकास में अग्रिम श्रेणी में हम खड़ा करेगी।
इस कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन ऑफ होलसेल रेडीमेड गारमेंट्स डीलर्स ने किया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वस्त्र उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों, व्यापारियों और उद्यमियों से संवाद किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांधी नगर का वस्त्र उद्योग दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश में रेडीमेड परिधान आपूर्ति का प्रमुख केंद्र है और दिल्ली सरकार इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यमुनापार क्षेत्र का तेजी से विकास होगा और इसमें जनप्रतिनिधियों की मदद ली जाएगी।
यमुनापार के विकास कार्यों के लिए जो भी बजट आवश्यक होगा- रेखा गुप्ता
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुनापार के विकास कार्यों के लिए जो भी बजट आवश्यक होगा, उसे सरकार तत्काल स्वीकृत करेगी। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद पूर्वी दिल्ली के सांसद व केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और यमुनापार विकास बोर्ड के चेयरमैन श्री अरविंदर सिंह लवली से आग्रह किया कि वे यमुनापार की ज़रूरत के अनुसार विकास कार्यों का आकलन तैयार कर हमें भेजें। सरकार उसी के अनुसार तुरंत बजट पारित कर देगी। यमुनापार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने खास घोषणा की। उन्होंने जानकारी दी कि डीटीसी की इलेक्ट्रिक बसों की नई रूट मैपिंग की शुरुआत यमुनापार से होगी, ताकि यात्रियों को सुविधा और सुलभता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने गांधी नगर रेडीमेड गारमेंट्स मार्केट के बारे में भी विशेष बातें की और बताया कि यह मार्केट केवल दिल्ली की ही नहीं बल्कि पूरे भारत का गर्व है। पिछले 50 वर्षों की इस स्वर्णिम यात्रा में आपने 'वोकल फॉर लोकल' और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान को साकार किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार भारतीय प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग से लेकर क्वालिटी सुधार और वैश्विक स्तर पर प्रचार-प्रसार के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार गांधी नगर के व्यापारियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी और हमारा मानना है कि वस्त्रिका-2025 जैसे आयोजन दिल्ली की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मील का पत्थर साबित होंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली पिछले 10–12 वर्षों में पिछड़ गई थी, लेकिन अब हमारे पास उसे फिर से आगे ले जाने अवसर है। अब दिल्ली विकास की नई राह पर आगे बढ़ रही है।
दिल्ली सरकार का बड़ा लक्ष्य है- सीएम रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार का बड़ा लक्ष्य है कि मां यमुना का अविरल और स्वच्छ रूप दिल्लीवासियों को जल्द दिखाई दे। इसके लिए पानी व सीवर की पाइपलाइन, शौचालय आदि सिस्टम को दुरुस्त किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक अनिल गोयल, विश्व हिंदू परिषद, दिल्ली प्रांत के अध्यक्ष कपिल खन्ना व अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
Leave a comment