Delhi News: दिल्ली की सड़क पर ‘मौत का जाल’, ‘खूनी गड्ढे’ ने ली कमल की जान, आशीष सूद ने दिए जांच के निर्देश

Delhi News: दिल्ली की सड़क पर ‘मौत का जाल’, ‘खूनी गड्ढे’ ने ली कमल की जान, आशीष सूद ने दिए जांच के निर्देश

Delhi News: राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की लापरवाही की वजह से एक युवक की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इस घटना की जांच में जुट गई।

वेस्ट दिल्ली के जनकपुरी थाना इलाके में गड्ढे में गिरने से एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय कमल ध्यान के रूप में हुई है, जो पालम इलाके के कैलाशपुरी, गली नंबर-4 का रहने वाला था। कमल के दोस्त मयंक के मुताबिक, कमल रोहिणी स्थित एक कॉल सेंटर में काम करता था और देर रात ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। रात करीब 11:30 बजे मयंक की उससे आखिरी बार बात हुई, तब कमल ने बताया था कि वह जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर पहुंच चुका है और जल्द घर पहुंच जाएगा।

12 बजे के बाद फोन उठाना किया बंद

लेकिन रात 12 बजे के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा और फोन उठाना बंद कर दिया, तो दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की। मयंक का आरोप है कि उसने सागरपुर समेत करीब पांच थानों में सूचना दी, क्योंकि कमल का काम रोहिणी में, आखिरी लोकेशन जनकपुरी में और घर सागरपुर थाना क्षेत्र में था। इसके बावजूद रात भर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।

परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सुबह कमल के मोबाइल से परिवार को फोन आया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है और उन्हें थाने बुलाया गया। वहां पहुंचने पर पुलिस ने बताया कि कमल की मौत गड्ढे में गिरने से हो गई। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि अगर रात में ही लोकेशन ट्रेस कर समय पर मदद मिल जाती, तो शायद कमल की जान बच सकती थी।

आशीद सूद ने दिए जांच के निर्देश

दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा, "मुझे इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना की सूचना सुबह करीब 8:30-9 बजे मिली और मैं तब से यहीं हूं। यहां दिल्ली जल बोर्ड का काम चल रहा था और मैंने जल बोर्ड को इसकी जांच करने का निर्देश दिया है। अगर कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। जल बोर्ड ने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का ऑडिट किया था और परिपत्र जारी किए थे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a comment