
Weather Update: लगातार भारी बारिश के बाद दिल्ली में रविवार को चमकदार सूरज निकला जिससे लोगों को गर्मी और उमस परेशान कर रही है। बारिश के बाद की इस गर्मी से राजधानी और आस-पास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता भी खराब रही।
रविवार दूसरा सबसे गर्म दिन
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में इस महीने का अब तक का दूसरा सबसे गर्म दिन रविवार को दर्ज किया गया। जिसका अधिकतम तापमान 36 डिग्री पर पहुंच गया। जो इस समय के लिए सामान्य से दो डिग्री अधिक है। 4 सितंबर के बाद से यह इस महीने का सबसे अधिक तापमान है। जब यह 36.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गर्म और शुष्क मौसम की वजह से पिछले 24 घंटों में हवा की गुणवत्ता में गिरावट आई है। रविवार को शाम 4 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 164 था। तो वही, शनिवार को एक्यूआई 116 पर पहुंच गया था।
मॉनसून की विदाई देरी से होगी
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को आसमान में दिनभर बादल छाए रहेंगे जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। IMD ने कहा कि यह शुष्क मौसम मंगलवार तक जारी रह सकता है। उनके अनुसार, शहर में 25 सितंबर के बाद हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। सोमवार से पश्चिमी राजस्थान और कच्छ क्षेत्र के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की संभावना जताई है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत के शेष हिस्सों से मॉनसून की वापसी में देरी हो सकती है। दिल्ली से भी मॉनसून की विदाई देरी से होगी।
स्काईमेट मौसम विज्ञान के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के पास एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। जो एक डिप्रेशन में बदल सकता है और मध्य भारत की तरफ बढ़ सकता है। उन्होंने कहा, 'इससे पूर्वी हवाएं चलेंगी और इसलिए राजस्थान और कच्छ के बाद मॉनसून की वापसी में देरी होने की संभावना है। आपको बता दें, 17 सितंबर के आसपास शुरू होने वाली मॉनसून की वापसी में पहले ही देरी हो चुकी है। इसलिए दिल्ली के मामले में इसमें और देरी हो सकती है।' मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली से मानसून की वापसी की सामान्य तारीख 25 सितंबर है। वहीं, पिछले साल 30 सितंबर को दिल्ली से मॉनसून वापसी की घोषणा की गई थी।
Leave a comment