
नई दिल्ली: दिल्ली के कंझावला इलाके में हुए हादसे में अंजलि की कथित मौत मामले में नया ट्विस्ट आ गया है। दिल्ली पुलिस ने इस वारदात में दो और आरोपियों का खुलासा किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) सागर प्रीत हुड्डा ने बताया कि गिरफ्तारी आरोपियों के पूछताछ के दौरान पता चला है कि घटना में दो और लोग शामिल हैं। दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश जारी है।
दिल्ली पुलिस ने एक और नया खुलासा करते हुए कहा कि इस घटना के आरोपियों और मृतका अंजलि में कोई पुराना कनेक्शन नहीं है। हमने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और हम उनसे पूछताछ कर रहे हैं। पूछताछ के दौरान हमने पाया कि दो और लोग घटना में शामिल हैं। स्पेशल सीपी सागर प्रीत हुड्डा ने बताया की एक आशुतोष और दूसरा अंकुश खन्ना है यही दोनों आरोपी हैं। इन दोनों आरोपियों में से कोई भी कार में नहीं बैठा था। इन दोनों ने बाकी के आरोपियों को बचाने की कोशिश की है। हम उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहे हैं।
स्पेशल सीपी सागर प्रीत हुड्डा ने बताया आरोपियों के बयानों में विरोधाभास है। आरोपी बार-बार अपने बयान बदल रहे हैं। पूछताछ में हमें पता चला कि कार अमित चला रहा था दीपक नहीं। अमित के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। हमने चश्मदीद गवाह का भी बयान दर्ज किया है। पोस्टमॉर्टम के दौरान यौन उत्पीड़न का कोई सबूत नहीं मिला है। इसके अलावा आरोपी और अंजलि में कोई पुराना कनेक्शन नहीं है। कॉल डिटेल्स से पता इसका लगता है। फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके अलावा पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट आनी भी बाकी है।
स्पेशल सीपी सागर प्रीत हुड्डा ने बताया कि दिल्ली पुलिस की 18 टीम इस मामले में काम कर रही हैं। हम जल्द से जल्द चार्जशीट फाइल करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। 302 या 304 लगना ये कानून और एविडेंस के ऊपर निर्भर है। हम सभी सबूतों के साथ एकदम सही सेक्शन चार्जशीट में फाइल करेंगे।
Leave a comment