Delhi Crime: पति-पत्नी के विवाद में शख्स ने ससुर को जिंदा जलाया, जानें इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना

Delhi Crime: पति-पत्नी के विवाद में शख्स ने ससुर को जिंदा जलाया, जानें इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना

Crime News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के घरोली एक्सटेंशन में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद में एक शख्स ने अपने ससुर को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। मृतक रणवीर सिंह (60) ऑटोरिक्शा चालक थे। पुलिस ने बताया कि यह वारदात 16 अगस्त की सुबह हुई। गाजीपुर थाने को सुबह एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि रणवीर सिंह के दामाद ने उन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे रणवीर को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल और फिर सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 24 अगस्त को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी, 32 वर्षीय संदीप को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब और झगड़े ने बढ़ाई त्रासदी

पुलिस के अनुसार, रणवीर सिंह की बेटी निशा की शादी 8 साल पहले संदीप से हुई थी। संदीप शराब के नशे में अक्सर निशा को परेशान करता था। घटना से एक दिन पहले निशा, संदीप से झगड़े के बाद अपने मायके लौट आई थी। 16 अगस्त की सुबह संदीप मायके पहुंचा और निशा को वापस ले जाने की जिद करने लगा। रणवीर ने बेटी को भेजने से इनकार किया, जिसके बाद गुस्से में आकर संदीप ने ससुर पर पेट्रोल डाला और लाइटर से आग लगा दी। रणवीर ने मरने से पहले पुलिस को बताया कि संदीप की हरकतों से उनकी बेटी परेशान थी, जिसके चलते यह विवाद हुआ।

तकनीकी निगरानी से पकड़ा गया हत्यारा

घटना के बाद संदीप फरार हो गया और उसने पकड़े जाने से बचने के लिए अपना फोन तोड़ दिया। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से उसका पता लगाया। 19 अगस्त को गाजियाबाद के एक निजी स्कूल, जहां वह पहले माली का काम करता था, से मिली जानकारी के आधार पर उसे धर दबोचा गया। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a comment