
Bihar Crime: बिहार की राजधानी पटना में 15अगस्त को इंद्रपुरी इलाके में दो बच्चों की संदिग्ध मौत के बाद सोमवार को हिंसक प्रदर्शन भड़क उठा। गुस्साए लोगों ने अटल पथ पर सड़क जाम कर वाहनों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। इस बवाल में एक महिला कांस्टेबल सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने बच्चों की मौत में पुलिस की निष्क्रियता और हत्या की आशंका जताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को तैनात करना पड़ा।
15अगस्त को पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर 12में एक परित्यक्त Hyundai Santro कार में 7साल की लक्ष्मी कुमारी और 5साल के दीपक कुमार, जो भाई-बहन थे, मृत पाए गए। पुलिस को सूचना मिली कि बच्चे ट्यूशन के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। खोजबीन के दौरान उनकी लाशें कार की बीच वाली सीट पर मिलीं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, लेकिन मौत का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका।
परिजनों का हत्या का शक
मृत बच्चों के पिता और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि बच्चे ट्यूशन के लिए एक शिक्षिका के पास गए थे। जब वे देर तक घर नहीं लौटे, तो शिक्षिका से संपर्क करने पर पता चला कि बच्चे पहले ही घर के लिए निकल चुके थे। परिजनों को शिक्षिका पर शक है और वे इसे हत्या का मामला मान रहे हैं, जिसमें पुलिस की जांच पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पटना (मध्य) की एसपी दीक्षा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया और पथराव किया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और 10लोगों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर और गिरफ्तारियां संभव हैं। बच्चों की मौत की जांच जारी है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ होगा कि यह हादसा था या हत्या।
Leave a comment