गर्म चिमटे से पिटाई, कोल्ड ड्रिंक में दिया जहर...नोएडा के Nikki हत्याकांड जैसी नई कहानी, फिर एक बहू चढ़ी दहेज की बलि

गर्म चिमटे से पिटाई, कोल्ड ड्रिंक में दिया जहर...नोएडा के Nikki हत्याकांड जैसी नई कहानी, फिर एक बहू चढ़ी दहेज की बलि

MP Dowry Death: नोएडा का निक्की हत्याकांड अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक और दहेज का मामला सामने आ गया। यह केस मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर से है, जहां दहेज के लालची ससुराल वालों ने अपनी बहू को जान से मारने की कोशिश की। पहले उसे गर्म चिमटे से जलाया, फिर डंडों से पीटा और हालत इतनी बिगाड़ दी कि उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। डॉक्टरों को उसके शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान भी मिले।

कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर की हत्या की कोशिश

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर में एक महिला, सोनाली, को उसके ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर क्रूर यातनाएं दीं। पहले उसे गर्म चिमटे से जलाया और डंडों से पीटा, फिर कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिलाने की कोशिश की, जिससे उसकी जान खतरे में पड़ गई। यह घटना करीब एक महीने पुरानी है, और इस क्रूरता के पीछे सोनाली का पति, सास, ससुर और ननद शामिल बताए जा रहे हैं।

आरोपियों की तलाश में पुलिस

सोनाली के माता-पिता को घटना की जानकारी मिलते ही वे ग्वालियर पहुंचे और उसे तुरंत बिड़ला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल रेफर किया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सोनाली के पिता सतीश शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं, और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

Leave a comment