Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला के बेटों ने अपनी ही मां के प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। अहिवारा निवासी महिला कुछ माह पूर्व अपने पति से अलग हो गई थी। पति से अलग होने के बाद वह अहिवारा में ही बलविंदर नामक व्यक्ति के साथ बिना शादी किए रह रही थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, महिला और बलविंदर का यह लिव-इन संबंध उसके बेटों को मंजूर नहीं था। बेटों को अक्सर इस बात से आपत्ति रहती थी कि उनकी मां किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही है। इसी कारण घर में विवाद की स्थिति बनी रहती थी। बताया जा रहा है कि बलविंदर अक्सर महिला से मिलने के लिए उसके घर आया करता था। यह बात बेटों को नागवार गुजरती थी।मंगलवार देर रात इसी मुद्दे पर महिला के बेटों और बलविंदर के बीच फिर से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर दोनों बेटों ने पास ही रखे फावड़े से बलविंदर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। फावड़े के वार से बलविंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जहां पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला के दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है। वहीं इस मामले में एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हत्या घरेलू विवाद के चलते की गई प्रतीत हो रही है। मां के अन्य व्यक्ति के साथ रहने की बात को लेकर बेटों में लंबे समय से नाराजगी थी, जिसका नतीजा इस जघन्य हत्या के रूप में सामने आया। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Leave a comment