विदेश में रहने वाले भारतीयों ने देश के लिए खोला खजाने का पिटारा, घर भेजे इतने अरब डॉलर

विदेश में रहने वाले भारतीयों ने देश के लिए खोला खजाने का पिटारा, घर भेजे इतने अरब डॉलर

Remittance Flows Of 120Billion Dollars To India: भारत ने विदेशों से धन प्रेषण के मामले में मजबूत उपस्थिति दर्ज की है। विदेश में रहने वाले भारतीयों ने पिछले साल यानी 2023 में 120 अरब डॉलर घर भेजे। यह इसी अवधि में मेक्सिको को मिले 66 अरब डॉलर के आंकड़े से लगभग दोगुना है। भाषा की खबर के मुताबिक, विश्व बैंक की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट में यह बात कही गई है। चीन ($50 बिलियन), फिलीपींस ($39 बिलियन) और पाकिस्तान ($27 बिलियन) प्रेषण के शीर्ष पांच प्राप्तकर्ताओं में से हैं।

2023में 7.5फीसदी की बढ़ोतरी

खबर के मुताबिक, विश्व बैंक की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021-2022 के दौरान मजबूत वृद्धि के बाद 2023 में आधिकारिक तौर पर बाहर से भेजे गए पैसे या धन प्रेषण (रेमिटेंस) निम्न और मध्यम आय वाले देशों (LMIC) में कम रहा और यह 656 अरब डॉलर तक पहुंच गया। भारत के मामले में, 2023 में प्रेषण 7.5 प्रतिशत बढ़कर 120 बिलियन डॉलर होने की उम्मीद है। यह अमेरिका में घटती मुद्रास्फीति और मजबूत श्रम बाजारों के लाभों को बताता है।

भारत के कुशल प्रवासियों के लिए अमेरिका प्रायोरिटी में

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत से कुशल अप्रवासियों के लिए अमेरिका सबसे बड़ी प्रायोरिटी है। इसके अलावा खाड़ी देशों (GCC) में कुशल और अर्ध-कुशल श्रमिकों की मांग का भी प्रेषण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। पाकिस्तान के मामले में भी, विदेशों में मांग अच्छी थी और प्रेषण अच्छा हो सकता था, लेकिन भुगतान संतुलन संकट और आर्थिक कठिनाइयों के कारण कमजोर आंतरिक स्थिति के कारण 2023 में यह 12 प्रतिशत घटकर 27 बिलियन डॉलर रह गया।

जबकि 2022 में इसे 30 अरब डॉलर मिले थे. विश्व बैंक के अनुसार, भारत में प्रवासियों द्वारा भेजे गए धन के स्रोत के मामले में संयुक्त अरब अमीरात अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। कुल प्रेषण का 18 प्रतिशत वहां प्राप्त हुआ है।

Leave a comment