Ice-Cream Man Of India का हुआ निधन, 75 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, जानें कैसे हुई थी Naturals कंपनी की शुरुआत

Ice-Cream Man Of India का हुआ निधन, 75 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, जानें कैसे हुई थी Naturals कंपनी की शुरुआत

Naturals Ice Cream: भारत के आइसक्रीम मैनरघुनंदन कामथ अब हमारे बीच नहीं रहे। नेचुरल्स आइसक्रीम के संस्थापक रघुनंदन कामत ने 75 साल की उम्र में शनिवार को अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह बीमारी से जूझ रहे थे। कंपनी ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी है।

कंपनी ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की दी जानकारी

नेचुरल्स आइसक्रीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि हमारे बॉस और संस्थापक रघुनंदन कामत दुनिया छोड़ गए हैं। यह हमारे लिए बहुत दुखद दिन है। नेचुरल्स परिवार उन्हें हमेशा अपनी यादों में जीवित रखेगा। कर्नाटक बीजेपी प्रमुख कैप्टन ब्रिजेश चौटा ने भी इंस्टाग्राम पर लिखा कि एक अद्भुत यात्रा समाप्त हो गई है। 'आइसक्रीम मैन' के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है।'उन्होंने नेचुरल्स आइसक्रीम को एक जाना पहचाना नाम बना दिया है। उन्होंने मुल्की से मुंबई तक का सफर बहुत अच्छे से पूरा किया। उनका जीवन हम सभी के लिए एक सीख है।' मैं उनके परिवार के लिए शांति की प्रार्थना करता हूं।

फल बेचने वाले परिवार में हुआ था जन्म

आइसक्रीम उद्योग में रघुनंदन कामत का बहुत सम्मान था। रघुनंदन कामत ने अपनी यात्रा कर्नाटक के एक छोटे से शहर मुल्की से शुरू की। उनका जन्म एक फल बेचने वाले परिवार में हुआ था। रघुनंदन कामत भी फलों के कारोबार में अपने पिता की मदद करते थे। 14 साल की उम्र में उन्होंने मुल्की से मुंबई जाने का फैसला किया, जहां उन्होंने अपने भाई के रेस्तरां में काम करना शुरू कर दिया।

आइसक्रीम के साथ बेचते थे पाव भाजी

फरवरी 1984 में, रघुनंदन कामत ने चार कर्मचारियों के साथ आइसक्रीम का व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने अपने काम की शुरुआत 12 फ्लेवर की आइसक्रीम से की। अधिक से अधिक ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए वह आइसक्रीम के साथ पाव भाजी भी बेचते थे। इससे उन्हें बिजनेस में शुरुआती सफलता मिलने लगी। जब लोगों को उनकी आइसक्रीम पसंद आने लगी तो उन्होंने प्राकृतिक आइसक्रीम पर ही ध्यान देना शुरू कर दिया। आज नेचुरल्स आइसक्रीम करीब 400 करोड़ रुपये की कंपनी है। देशभर में इसके 135 आउटलेट भी हैं।

Leave a comment