BRICS Summit: देश की राजधानी दिल्ली में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन 12 और 13 सितंबर को किया जा रहा है। इस सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार के प्रमुख नेता शामिल होंगे। इसको देखते हुए दिल्ली में सभी स्कूलों को 11 सितंबर को बंद करने का आदेश दे दिया गया है। साथ ही वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए 10 से 14 सितंबर के बीच ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़े बदलाव किए गए हैं।
ब्रिक्स समिट को लेकर विदेश मंत्रालय ने पूरा कार्यक्रम को जारी कर दिया है। कार्यक्रम के मुताबिक, 12 सितंबर को दोपहर 2 बजे से नेताओं का भारत मंडपम के लेवल-2 पर आगमन शुरू होगा और यहां आधिकारिक फोटो शूट भी होगा। इसके बाद 2:35 बजे नेताओं की बंद कमरे में बैठक होगी, जिसका विषय समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करना रखा गया है। साथ ही सम्मेलन में वैश्विक शासन, बहुपक्षवाद, नवाचार, स्थिरता और समावेशी विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही शाम 4:25 बजे भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी होगी, फिर 5:05 बजे बाहरी लॉन में ग्रुप फोटो और 5:10 बजे संयुक्त पौधरोपण कार्यक्रम होगा. दिन का समापन शाम 7:30 बजे प्रधानमंत्री की ओर से दिए जाने वाले गाला डिनर के साथ होगा। 13 सितंबर को साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता सुबह 9:55 बजे पहुंचेंगे, इसके बाद 10:35 बजे ग्रुप फोटो और 10:50 बजे समिट का ओपन सेशन शुरू होगा।
दिल्ली में 10-14 सितंबर तक ट्रैफिक अलर्ट, 35 से ज्यादा सड़कें होंगी प्रभावित
दिल्ली में 10 से 14 सितंबर तक VIP मूवमेंट और सम्मेलन को देखते हुए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान करीब 4,800 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे और 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। सरदार पटेल मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंबा रोड और टॉल्सटॉय मार्ग समेत कई रास्तों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। वहीं कनॉट प्लेस, पटेल चौक और RML अस्पताल गोलचक्कर सहित 22 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। मोटरकेड की रिहर्सल के दौरान भी इन इलाकों में यातायात पर असर देखने को मिला। नोएडा और पूर्वी दिल्ली से प्रगति मैदान जाने वाले लोगों के साथ-साथ द्वारका और पश्चिमी दिल्ली से धौला कुआं, एयरपोर्ट और दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वालों को परेशानी हो सकती है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए यात्रियों को सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।