बॉलीवुड के मशहूर गायक केके की 53 साल की उम्र में हुई मौत, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

बॉलीवुड के मशहूर गायक केके की 53 साल की उम्र में हुई मौत, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ की देर रात कोलकाता में मृत्यु हो गई है। जिन्हें लोग प्यार से केके बुलाते थे। मिली जानकारी के अनुसार बॉलीवुड के मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ 53 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली है।

दरअसल दक्षिण कोलकाता स्थित नजरुल मंच में एक समारोह आयोजन किया गया था, वहां करीब एक घंटे तक गाने के बाद जब केके वापस अपने होटल पहुंचे तो वह अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। जिसके बाद गायक को दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  वहीं अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि उन्हें आशंका है कि गायक की मौत हृदयाघात के कारण हुई। बुधवार यानी आज उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

मशहूर गायक केके के निधन के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। जानकारी  के मुताबिक, पुलिस ने असामान्य मौत का मामला दर्ज किया है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि केके के चेहरे व सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस आयोजकों और होटल स्टाफ से पूछताछ कर सकती है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक

साथ ही केके की मौत की खबरे सामने आने के बाद बॉलीवुड से लेकर पीएम मोदी ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने गायक की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ की असमय मृत्यु की खबर सुनकर दुखी हूं। उनके गीतों में व्यापक भाव प्रदर्शित होते हैं। हम उन्हें सदैव उनके गीतों के माध्यम से याद करेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”

उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू ने दी श्रद्धांजलि

उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू ने कहा कि प्रसिद्ध गायक श्री कृष्णकुमार कुन्नाथ के आकस्मिक निधन से व्यथित हूं। अपनी भावपूर्ण आवाज और मधुर गायन के लिए जाने जाने वाले श्री केके का निधन संगीत की दुनिया के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। शांति!

Leave a comment