
Delhi Bus Marshals Latest News: राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर दिल्ली सरकार सख्त है। इसी कड़ी में सरकार ने प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 10हजार बस मार्शल और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की तैनात को मंजूरी दी है। एक सप्ताह के भीतर यह सभी ऑन-ड्यूटी हो जाएंगे। यह प्रदूषण के हॉटस्पॉट्स की निगरानी से लेकर ओपन बर्निंग को रोकने और शिकायतों के फॉलो-अप में अपनी भागीदारी देंगे। सोमवार से बस मार्शलों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। साथ ही, दिल्ली सरकार जल्द बस मार्शलों की स्थायी नियुक्ति का प्रस्ताव उपराज्यपाल वीके सक्सेना को भेजेगी।
सीएम आतिशी ने भाजपा को घेरा
शनिवार को मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ अगले 4 महीने बस मार्शल अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चाहे जितना षड्यंत्र रचे, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में ऐसे ही दिल्लीवासियों की हर समस्या का समाधान जरूर निकालेंगे। उन्होंने आगे कहा, “मंगलवार से ये अपना रेजिस्ट्रेशन डीएम ऑफिस में कर सकते हैं। 2018 में केजरीवाल की सरकार ने डीटीसी बसों में मार्शलों की नियुक्ति की ताकि महिलाओं के साथ छेड़छाड़ ना हो और बच्चे और बुजुर्ग भी सुरक्षित सफर कर सकें।“
भाजपा ने आतिशी को घेरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र सचदेव ने दिल्ली सरकार के इस फैसले पर कहा, “अक्टूबर 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा बर्खास्त किये गये बस मार्शलों के जीवन मे आज रोशनी की किरण आई है। दिल्ली भाजपा के दबाव में सुश्री आतिशी मार्लेना को सिविल डिफेंस वॉलंटियरस को 11 नवम्बर से वापस ड्यूटी पर लगाने का आदेश करना पड़ा है। यह खेदपूर्ण है कि उपराज्यपाल महोदय के वॉलंटियरस को 1 नवम्बर से ड्यूटी पर लगाने के आदेश के बावजूद मुख्यमंत्री ने सिविल डिफेंस वालों को आज तक बेरोजगार रखा। सच तो यह है की अरविंद केजरीवाल एवं सुश्री आतिशी मार्लेना इनको काम देना ही नहीं चाहते। दिल्ली भाजपा मांग करती है कि दिल्ली सरकार सिविल डिफेंस वॉलंटियरस को 11 नवम्बर से ड्यूटी दे पर इन्हें उपराज्यपाल महोदय के आदेश के अनुरूप 1 नवम्बर से वेतन दे।”
Leave a comment