केरल चुनाव से पहले बीजेपी का घोषणापत्र जारी, मुफ्त सिलेंडर और एम्स अस्पताल खोलने का किया वादा

केरल चुनाव से पहले बीजेपी का घोषणापत्र जारी, मुफ्त सिलेंडर और एम्स अस्पताल खोलने का किया वादा

Kerala Elections: केरल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। घोषणापत्र में जनता के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं। घोषणापत्र जारी करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि केरल में पिछले 17 सालों से एलडीएफ और यूडीएफ का शासन रहा है, लेकिन इसके बावजूद राज्य में औद्योगिक विकास बहुत कम हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सरकारों की वजह से आर्थिक ठहराव और खराब वित्तीय स्थिति पैदा हुई है।

रेल नेटवर्क बनाने का किया वादा

भाजपा ने अपने घोषणापत्र में केरल में एम्स अस्पताल खोलने का वादा किया है। इसके साथ ही लोगों को दवाइयों और राशन के लिए ढाई हजार रुपये का मासिक भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड देने की घोषणा की गई है। पार्टी ने महिलाओं, विधवाओं और 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को हर महीने 3,000 रुपये पेंशन देने का वादा भी किया है। इसके अलावा, तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क बनाने की भी योजना बताई गई है।

एलपीजी सिलेंडर मिलेगा मुफ्त

नितिन नवीन ने कहा कि गरीब परिवारों को हर साल दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे एक ओणम और एक क्रिसमस के मौके पर। साथ ही, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आय सीमा बढ़ाकर 8 लाख रुपये करने की बात कही गई है। भाजपा ने यह भी वादा किया है कि हर परिवार को हर महीने 20 हजार लीटर पानी मुफ्त दिया जाएगा। इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना का विस्तार कर सभी लोगों को इसमें शामिल किया जाएगा।

BJP ने विपक्ष पर साधा निशाना

अपने भाषण में नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने कभी केरल के विकास के बारे में नहीं सोचा। इसके साथ ही भाजपा ने सबरीमाला से जुड़े मामलों की सीबीआई जांच कराने का भी वादा किया है। कुल मिलाकर, भाजपा का यह घोषणापत्र केरल में विकास, स्वास्थ्य और गरीबों के कल्याण पर केंद्रित बताया जा रहा है।

Leave a comment