खेमका हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, हथियार मुहैया कराने वाला विकास उर्फ राजा एनकाउंटर में ढेर

खेमका हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, हथियार मुहैया कराने वाला विकास उर्फ राजा एनकाउंटर में ढेर

Bihar News: बिहार की राजधानी में पटना में गोपाल खेमका हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पटना सिटी के माल सलामी इलाके में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हथियार सप्लाई करने वाला अपराधी विकास उर्फ राजा मुठभेड़ में मारा गया। विकास ने खेमका की हत्या के लिए मुख्य शूटर उमेश यादव को हथियार मुहैया कराया था।

जानकारी के अनुसार, बीती रात पुलिस को सूचना मिली थी कि विकास अवैध हथियारों का निर्माण और बिक्री करता था। छापेमारी के दौरान उसने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की और वह ढेर हो गया। इस हत्याकांड में पहले ही शूटर उमेश यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसने पूछताछ में हत्या के पीछे जमीन विवाद और 3.5से 10लाख रुपये की सुपारी की बात कबूली।

तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत

पुलिस ने उदयगिरी अपार्टमेंट में छापेमारी कर तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया और हत्या में इस्तेमाल हथियार, स्कूटी, और सुपारी के पैसे भी बरामद किए। हत्याकांड के पीछे हाजीपुर की 14बीघा जमीन से जुड़ा विवाद माना जा रहा है, जो 2018में गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की हत्या से भी जुड़ा हो सकता है। पुलिस मास्टरमाइंड अशोक कुमार साव और अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस एनकाउंटर पर जेडी(यू) नेता राजीव रंजन ने कहा कि हमें सूचना मिली की खेमका हत्याकांड में एक आरोपी को पुलिस ने मार गिराया है, जिसने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की थी। नीतीश कुमार जी हर घटना पर नजर रख रहे हैं।

 

Leave a comment