भागलपुर वोटर लिस्ट में चौंकाने वाला खुलासा, मतदाता सूची में दो पाकिस्तानी महिलाओं के नाम शामिल

भागलपुर वोटर लिस्ट में चौंकाने वाला खुलासा, मतदाता सूची में दो पाकिस्तानी महिलाओं के नाम शामिल

Bhagalpur Voter List: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कई बड़े खुलासे हुए। इसी बीच भागलपुर जिले से भी एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की जांच में पाया गया कि साल 1956 में पाकिस्तान से भारत आईं दो महिलाओं के नाम न केवल मतदाता सूची में शामिल हैं, बल्कि उनके पास वोटर आईडी कार्ड भी हैं। इस मामले ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है। जिसके बाद अब इनके नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

क्या है पूरा मामला?

जांच के अनुसार, दो महिलाएं इमराना खानम उर्फ इमराना खातून और फिरदौसिया खानम साल 1956 में वीजा पर भारत आई थीं। इमराना तीन साल के वीजा पर और फिरदौसिया तीन महीने के वीजा पर आई थीं। दोनों महिलाएं मूल रूप से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के खुशाब जिले के रंगपुर गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में भागलपुर के इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर 3, टैंक लेन में रह रही हैं। गृह मंत्रालय की जांच में यह भी सामने आया कि इनके नाम मतदाता सूची में शामिल होने के साथ-साथ इन्हें मतदाता पहचान पत्र (EPIC नंबर सहित) भी जारी किए गए थे। हैरानी की बात यह है कि विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान इनके नामों का सत्यापन भी हो चुका था।

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हाल ही में उन विदेशी नागरिकों की जांच शुरू की थी, जो वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में अवैध रूप से रह रहे हैं। इस जांच के दौरान भागलपुर में तीन पाकिस्तानी नागरिकों की मौजूदगी की पुष्टि हुई। मंत्रालय की रिपोर्ट के बाद पुलिस मुख्यालय ने भागलपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को जांच का जिम्मा सौंपा। जांच में यह खुलासा हुआ कि इन महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हैं और इन्होंने पहले भी चुनावों में मतदान किया था।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

भागलपुर के जिलाधिकारी (DM) डॉ. नवल किशोर चौधरी ने इस मामले की पुष्टि की और कहा 'हमें जानकारी मिली थी कि दो पाकिस्तानी महिलाओं के नाम मतदाता सूची में हैं। सत्यापन के बाद फॉर्म 7 भरकर उनके नाम हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जांच पूरी होने के बाद विधिवत तरीके से उनके नाम हटा दिए जाएंगे।' उन्होंने यह भी बताया कि इस गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment