
Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में आए दिन गैंगस्टरों के आतंक की खबरें सामने आती रहती है। पिछले 24 घंटों में जबरन पैसे देने से इनकार करने पर गैंगस्टरों ने तीन अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की है। इस घटना को आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को जंगलराज बताया।
केंद्रीय गृह मंत्री पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की इस घटना को जंगलराज बताया। कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा, 'दिल्ली में कानून व्यवस्था खत्म हो गई है। पूरी तरह से जंगल राज है। देश की राजधानी में लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। दिल्ली की कानून व्यवस्था अमित शाह जी के अंडर आती है। उन्हें तुरंत प्रभावी कदम उठाने होंगे।'
पुलिस अधिकारियों की बैठक
ऐसा पहली बार हुआ है जब रंगदारी देने से इनकार करने पर गैंगस्टरों ने तीन अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की है। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय में बैठक की। इस मामले में पहले पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने स्पेशल सेल व क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले का संज्ञान लिया। उसके बाद दोनों जोन के विशेष आयुक्त कानून एवं व्यवस्था, छह रेंज के संयुक्त आयुक्त, एडिशनल पुलिस कमिश्नर व 15 जिलों के डीसीपी के साथ बातचीत की गई।
दहशत में है दिल्ली
राजधानी में जबरन पैसा वसूली की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। जबरन पैसे मांगने या देने से इनकार करने पर व्यापारियों के कार्यालयों, दुकानों, शोरूम व घरों के बाहर गोलियां चलाई जा रही है। लगातार हो रही इन घटनाओं से दिल्ली के व्यापारी दहशत में आ गए हैं।
नारायणा के कार डीलर से मांगे पैसे
आपको बता दें, जबरन पैसा वसूली की शुक्रवार शाम 7.30 बजे नारायणा के सेकेंड हैंड लग्जरी कार स्ट्रीट के शोरूम में तीन बदमाशों ने घुसकर 25 ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। इस वजह से कई कारों का नुकसान भी हुआ है। कुख्यात गैंगस्टर हिंमाशु उर्फ भाऊ पुर्तगाल से ही सीधे कॉल कर कार डीलर से बात कर रहा था। पिछले चार महीने से हिंमाशु बार-बार कॉल कर के पांच करोड़ देने की मांग करता। कार डीलर ने इस संबंध में केस भी दर्ज कराया है।
इससे पहले भाऊ के कुछ शूटरों ने फरीदाबाद के एक कार डीलर के शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। और दूसरी फायरिंग गुरुग्राम में एक शराब कारोबारी की मुरथल ढाबे की पार्किंग में हत्या कर दी थी।
मिठाई की दुकान के मालिक से रंगदारी की मांग
दूसरी घटना शुक्रवार देर रात 2.30 बजे हुई। जहां नांगलोई की एक मिठाई की दुकान में फायरिंग हुई। दुकान के मालिक से भी दो कराड़ रंगदारी की मांग की गई थी।
गोगी गिरोह के नाम की छोड़ी पर्ची
पैसे नहीं देने पर बाइक सवार दो बदमाशों ने छह राउंड फायरिंग की। इसके अलावा उन्होंने गोगी गिरोह के नाम की एक पर्ची भी छोड़ दी। पर्ची पर हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले दीपक बाक्सर,मुंडका के अंकेश लाकड़ा व विशाल का नाम लिखा हुआ है। जिसके बाद पुलिस की छानबीन में दीपक व अंकेश को अरेस्ट कर लिया गया है।
Leave a comment