Kolkata Rape-Murder Case: आक्रोशित डॉक्टरों ने किया OPD बंद करने का ऐलान, सरकार के सामने रखी ये मांगे

Kolkata Rape-Murder Case: आक्रोशित डॉक्टरों ने किया OPD बंद करने का ऐलान, सरकार के सामने रखी ये मांगे

Resident Doctors' Strike: कोलकता मेडिकल कॉलेज में महिला रेजिडेंट डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के बाद देशभर में डॉक्टरों में आक्रोश हैं। सोमवार को देश भर के डॉक्टरों ने इस विभत्स घटना के खिलाफ हड़ताल का ऐलान किया था। जो मंगलवार को भी जारी है। देश के हजारों रेजिडेंट डॉक्टरों ने आपातकालीन सेवाओं के अलावा कोई अन्य सेवा देने से मना कर दिया है। इस बीच मरीजों को भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों ने मंगलवार से ओपीडी सेवाएं भी बंद करने की घोषणा कर दी है। गौरतलब है कि 9 अगस्त को कोलकता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ पहले बलात्कार किया गया और फिर बाद में उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

डॉक्टरों ने रखी ये मांगे

हड़ताल पर बैठे रेजिडेंट डॉक्टरों ने सरकार के सामने कई मांगे रखी है। उन्होंने बिना किसी देरी के महिला डॉक्टर से हुए कुकृत्य की जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंपने को कहा है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल, एमएस के साथ ही अस्पताल के सिक्योरिटी इंचार्ज को इस्तीफा देने को कहा है। हालांकि, सोमवार को ही भारी विरोध के कारण आरजी मेडिकल कॉलेज के प्रिसिंपल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही डॉक्टरों ने पीड़ित महिला रेजिडेंट डॉक्टर के लिए पर्याप्त मुआवजा देने के साथ ही किसी भी मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग या लाइब्रेरी का मृतक डॉक्टर के नाम पर रखा जाए। इसके साथ ही सरकार से यह मांग की गई है कि वो जल्द ही डॉक्टरों के सुरक्षा के लिए सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट लेकर आए। इसके अलावा डॉक्टरों के खिलाफ होने वाले शारिरिक हमलों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई करने की मांग रखी है। ऐसा देखा गया है कि पिछले लंबे समय से डॉक्टरों से हिंसा के मामलों में बढ़ोत्तरी हुई है।

IMA ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र

इस दिल दहलाने वाली घटना के बाद जहां रेजिडेंट डॉक्टर सड़कों पर बैठ कर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिख पूरे मामले से अवगत करवाया है। IMA ने पत्र के माध्यम से आग्रह किया है कि महिला डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत की घटना का खुद संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई करें। साथ ही मृतक महिला डॉक्टर को न्याय मिल पाए, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करवाने की भी मांग की गई है। IMA ने पत्र के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री से यह भी मांग की है कि इस पर भी जांच की जाए कि आखिर ये घटना किन परिस्थितियों में हुई। IMAने पत्र के माध्यम से यह भी मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटने ना घटे इसके लिए भी जरुरी कदम उठाए जाए।     

Leave a comment