अमेरिका में हेलेन तूफान का कहर, 12 राज्यों में 1.20 करोड़ लोग प्रभावित, कई शहरों में इमरजेंसी घोषित

अमेरिका में हेलेन तूफान का कहर, 12 राज्यों में 1.20 करोड़ लोग प्रभावित, कई शहरों  में इमरजेंसी घोषित

Helene Storm in America: अमेरिका के फ्लोरिडा में शुक्रवार को हेलेन तूफान ने भारी तबाही मचाई है। कई घरों में तूफान की लहरों का पानी तक घुस चुका है। इसके साथ ही बिजली भी गुल हो चुकी है। हेलेन तूफान ने अमेरिका के 12 राज्यों को अपने आगोश में ले लिया। इस तूफान को देखते हुए अमेरिका ने फ्लोरिडा, जॉर्जिया, नॉर्थ कैरोलिना, साउथ कैरोलिना, वर्जीनिया और अलबामा में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।

आपातकालीन दल बाढ़ग्रस्त घरों में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश में लगे हुए है। तूफान की चपेट में आने से कम से कम 43 लोगों की मौत हुई और भारी संख्या में लोग घायल हुए हैं। इस तूफान से लगभग 1 करोड़ 20 लाख लोग प्रभावित हैं।

कही बाढ़, तो कही बिजली गुल

गुरूवार की देर रात तूफान हावी हुआ। शुक्रवार की सुबह फ्लोरिडा के तट से टकराया, जिसके बाद 225 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आगे बढ़ा। जिसके कारण उत्तरी कैरोलिना तक बाढ़ आ गई। तो वहीं इसी बीच जॉर्जिया के एक प्रांत में काफी समय तक बिजली गुल रही। इमरजेंसी घोषित वाले राज्यों में कम से कम 1000 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही करीब 4 हजार उड़ानें प्रभावित हुई हैं।

तूफान की रफ्तार हुई धीमी

राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तक तूफान का स्तर कम हुआ। जिससे उष्णकटिबंधीय अवदाब में बदल गया। जिसकी अधिकतम गति 55 किलोमीटर प्रति घंटा थी। लेकिन हेलेन की भारी बारिश अभी भी कई क्षेत्रों में भयावह बाढ़ पैदा कर रही है। पुलिस और अग्निशमन दल के लोग प्रभावित राज्यों में लोगों को पानी से बचाने का काम कर रहे हैं।  

Leave a comment