Amazon Lay Off: टेक कंपनी अमेजन ने मई 2026 में बड़ी छंटनी की खबरों को खारिज कर दिया है। कंपनी ने साफ कहा है कि 14,000 कर्मचारियों की छंटनी से जुड़ी खबरें “गलत और बेबुनियाद” हैं। दरअसल, हाल ही में कुछ ऑनलाइन फॉर्म और टेक वेबसाइट्स पर खबरें सामने आई थीं कि अमेज़न एक और बड़े स्तर पर छंटनी करने की तैयारी कर रही है। इन रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि यह एक साल के अंदर तीसरी बड़ी छंटनी होगी और करीब 14,000 नौकरियां खत्म की जा सकती हैं।
इन लोगों पर होगा छंटनी का असर
ये दावे खास तौर पर वर्कप्लेस चर्चा प्लेटफॉर्म ब्लाइंड और चीनी टेक पोर्टल ले फेंग नेटवर्क पर सामने आए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस छंटनी का असर अमेजन वेब सर्विसेज, रिटेल और ह्यूमन रिसोर्स जैसे विभागों पर पड़ सकता था। इसके अलावा कहा गया था कि मिड-लेवल मैनेजर और L5 से L7 स्तर के कर्मचारियों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया जा सकता है, जबकि वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स स्टाफ पर इसका असर कम होगा।
अमेजन ने दावों को नकारा
हालांकि, अमेजन ने इन सभी दावों को नकारते हुए कहा है कि इस तरह की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फैल रही ये जानकारी पूरी तरह गलत है। ये बयान ऐसे समय में आया है, जब टेक इंडस्ट्री में ऑटोमेशन और लागत कम करने को लेकर चर्चा तेज है। कंपनियां अपने ऑपरेशन को ज्यादा कुशल बनाने के लिए बदलाव कर रही हैं।
पहले भी हो चुकी दो बड़ी छंटनी
बता दें कि अमेजन पहले ही पिछले एक साल में दो बड़ी छंटनी कर चुका है। अक्टूबर 2025 में कंपनी ने करीब 14,000 कर्मचारियों को हटाया था, जबकि जनवरी 2026 में 16,000 और नौकरियां खत्म की गई थीं। ये फैसले कंपनी के सीईओ एंडी जेसी के नेतृत्व में लिए गए थे। अमेज़न लगातार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों में निवेश बढ़ा रहा है। कंपनी का मानना है कि AI के बढ़ते इस्तेमाल से कुछ नौकरियों की जरूरत कम हो सकती है। फिलहाल, कंपनी ने नई छंटनी की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिससे कर्मचारियों को कुछ राहत जरूर मिली है।
Also read: प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, सहारनपुर में होंगे कार्यक्रम