Aaj Ka Mausam 9 October 2026: मानसून की विदाई के बीच देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 9 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत 15 राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा है, जबकि किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में बारिश के साथ चलेगी तेज हवा
दिल्ली में आज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यहां करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यूपी-बिहार में आंधी और बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, सहारनपुर, मिर्जापुर, बस्ती और रायबरेली समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बिहार के मधुबनी, दरभंगा, गया, जहानाबाद, सहरसा, रोहतास और बक्सर में बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। पटना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान के बीकानेर, अजमेर, धौलपुर, भरतपुर और बूंदी में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश के विदिशा, सीधी, दमोह, सागर, इंदौर, उज्जैन, शहडोल और छिंदवाड़ा में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
उत्तराखंड और हिमाचल में सावधानी जरूरी
उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, ऋषिकेश और चमोली में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट है। कुछ इलाकों में हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला, कांगड़ा, मंडी और सोलन में बारिश के साथ 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क यातायात प्रभावित होने का खतरा बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी जाती है।
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक और ओडिशा समेत अन्य राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। केरल, तमिलनाडु और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में देश के कुछ और हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। लोगों को तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए स्थानीय मौसम सलाह का पालन करने की जरूरत है।
Also read: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन, 42 पूर्व न्यायाधीशों का चुनाव आयोग के समर्थन में दी चेतावनी