Aaj Ka Mausam 17 October 2026: देश से मानसून की लगभग विदाई हो चुकी है। लेकिन देश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 17 अक्टूबर को बिहार, यूपी समेत 13 राज्यों में आंधी–तूफान के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। साथ ही इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है, जबकि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने 17 अक्टूबर को देश के कई राज्यों में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही तेज रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली और यूपी में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 17 अक्टूबर को दिल्ली में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। गाजियाबाद, मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या समेत कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पहाड़ी राज्यों में फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज
17 अक्टूबर को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम खराब रहने की आशंका है। उत्तराखंड के नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, उधमसिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल और चंपावत में भारी बारिश के साथ तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, कुल्लू, बिलासपुर और शिमला में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। यहां भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के पुंछ, कुलगाम, जम्मू, पुलवामा, उधमपुर, कठुआ, गांदरबल और कुपवाड़ा में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है। इन इलाकों में हवा की गति 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।