
मानसून के लिहाज से देश भर से अच्छी खबरें आने लगी है। इसकी वजह भी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून देश भर में पहुंच गया है, जो सामान्य से तीन हफ्ते पहले है। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक सामान्य तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून देश भर में 15 जुलाई तक पहुंचता है।
आईएमडी के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून पश्चिमी राजस्थान में दस्तक दे चुका है और आज यह देश भर को कवर कर लेगा। दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के ज्यादातर राज्यों में सक्रिय हो चुका है। गुजरात में सामान्य के मुकाबले 129 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। देश में 1-25 जून तक159.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 28 फीसदी अधिक है।
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून ने देश के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लिया है। आम तौर पर मानसून 15 जुलाई को पूरे भारत में पहुंचता है। यानी इस साल तीन हफ्ते पहले ही मानसून पूरे देश को कवर कर चुका है। मानसून उत्तरी अरब सागर के शेष भागों में तेजी से बढ़ रहा है। वहीं गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में मानसून ने दस्तक दे दी है। इस साल मानसून चार दिन की देरी से 5 जून को केरल पहुंचा था। हालांकि उसके बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है।
Leave a comment