
यूरोप का सबसे बड़ा बैंक एचएसबीसी अपने कमजोर प्रदर्शन को सुधारने में जुटा है। इस क्रम में बैंक अपने करीब 50,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगा। साथ ही इन्वेस्टमेंट बैंक का आकार घटाकर जोखिम में फंसी संपत्ति में 290 अरब डॉलर की कमी लाएगा। बैंक ने मंगलवार को यह जानकारी हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज को दी है।
बैंक के कर्मचारियों की संख्या में 25,000 की कटौती ब्राजील और तुर्की में बैंक की इकाइयों की संभावित बिक्री के परिणामस्वरूप होगी। जबकि आईटी और बैंक ऑफिस ऑपरेशनों को मिलाकर और कुछ शाखाएं बंद कर अन्य 25,000 कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी। लंदन में बैंक के मुख्य कार्यकारी स्टुअर्ट गुलिवर ने निवेशकों और विश्लेषकों को यह जानकारी दी। उन्होंने इसे छंटनी की स्वाभाविक प्रक्रिया बताया।
हालांकि एशियाई कारोबार में मुनाफा और एशियाई अर्थव्यवस्थाओं की मजबूती को देखते हुए इस महाद्वीप में शाखाएं बंद करने की संभावना कम है। बल्कि बैंक एशिया में कारोबार बढ़ाने और अपना मुख्यालय यहीं स्थानांतरित करने पर विचार कर रहा है। जानकारों के मुताबिक मुख्यालय हांगकांग स्थानांतरित किया जा सकता है। इस पर इस साल के अंत तक फैसला लिया जाना है। वर्ष 1992 में ब्रिटेन के मिडलैंड बैंक के अधिग्रहण के बाद 1993 में एचएसबीसी का मुख्यालय हांगकांग से लंदन स्थानांतरित किया गया था।
वर्ष 2010 के अंत में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 2.95 लाख थी, जिसे घटाकर 2014 के अंत में 2.58 लाख कर दिया गया। 2017 के अंत तक इसे और कम कर 2.08 करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही बैंक ने 2017 तक अपने शेयरों के भाव में 10 फीसदी बढ़ोतरी होने का लक्ष्य रखा है। पहले उसने 2016 तक 12 से 16 फीसदी की बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा था।
Leave a comment