ब्लैकमनी के मामले में दो भारतीय महिलाओं के नाम का हुआ खुलासा

ब्लैकमनी के मामले में दो भारतीय महिलाओं के नाम का हुआ खुलासा

स्विट्जरलैंड ने उन भारतीयों और अन्य विदेशियों के नाम सार्वजनिक करने शुरू कर दिए है, जिन पर उनके देशों में कर चोरी के मामले चल रहे है। स्विस बैंक की ओर से जारी सूची में दो भारतीय महिलाओं का नाम भी शामिल है। इनके नाम स्नेहलता साहनी और संगीता साहनी है। स्विट्जरलैंड सरकार ने अपने आधिकारिक राजपत्र (गजट) में इन नामों की सूची जारी की है, ताकि उनकी संबंधित देशों में जांच हो सके। इसके अलावा कुछ अमेरिकी और इजरायली नागरिकों के नामों का भी खुलासा किया गया है। इनकी पहचान शुरुआती जानकारियों और जन्म तिथि से की गई है।

इस बीच, स्विस संघीय कर प्रशासन (एफटीए) ने इस सूची में शामिल दोनों महिलाओं स्नेहलता साहनी और संगीता साहनी को 30 दिन का समय दिया है। इस अवधि में वे भारतीय एजेंसियों को उनकी विस्तृत जानकारी देने के खिलाफ संघीय प्रशासनिक अदालत में अपील कर सकती है। स्विट्जरलैंड, कर पर हुए आपसी सहयोग समझौते के तहत यह जानकारी भारत को देने वाला है। हालांकि, इन महिलाओं की नागरिकता के अलावा कोई और जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

स्विट्जरलैंड की ओर से जारी सूची में ब्रिटेन, स्पेन, रूस, नीदरलैंड, दक्षिण कोरिया, जर्मनी के नागरिकों के नाम भी शामिल है, जिनके खाते स्विस बैंकों में है और उनके खिलाफ देश में कर चोरी के मामले चल रहे है। हालांकि, अमेरिका और इजरायल के खातेधारकों का पूरा नाम जारी नहीं किया गया है। सूची में उनके शुरुआती नाम और जन्मतिथि दी गई है।

इसमें जिन विदेशियों के नामों का अभी तक खुलासा किया गया है, वे उनके देश के साथ जानकारियां साझा करने पर स्विटजरलैंड के खिलाफ स्विट्जरलैंड की अदालत में अपील कर सकते है।

गौरतलब है कि भारत सरकार लंबे समय से स्विस संस्थाओं से उन भारतीयों की जानकारी साझा करने की मांग कर रही है , जिन्होंने स्विस बैंक खातों में पैसा जमा करा रखा है। हालांकि, स्विट्जरलैंड ने कुछ जानकारी उन मामलों में साझा की है जिसमें भारतीय खाताधारकों के खिलाफ स्वतंत्र एजेंसियों से मिले सबूत दिए गए है।


 

Leave a comment