
नई दिल्ली: इस साल दुनिया के कई इलाकों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। भारत की बात करें, तो यहां राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे ज्यादा गर्म रहता है, लेकिन इस साल उत्तर प्रदेश के शहर वाराणसी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। लेकिन क्या आप ने कभी उन जगहो के बारे में सुना है जिसका तापमान इतना होता है कि कुछ घंटों में व्यक्ति की मौत हो जाती है। आज हम आपको उन 5 जगहों के बारें में बात करेंगे जिसका तापमान बहुत ज्यादा होता है। गर्म जगह के बारे में बात आती है तो सबसे पहले नाम कैलिफोर्निया की डेथ वैली का आता है। यहां पर तापमान बहुत अधिक रहता है। 10 जुलाई 1913 में यहां का अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड बना था।
उस समय डेथ वैली के फरनेस क्रीक नाम के स्थान पर अधिकतम तापमान 56.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। फिलहाल यहां पर 37 से 40 डिग्री के बीच तापमान दर्ज किया जा रहा है। यहां पर गर्मी की कई वजहें हैं जिनमें सूरज की गर्मी, घाटी में गर्म हवाओं का फंस जाना शामिल है। इसके अलावा आसपास रेगिस्तान मौजूद हैं जहां से गर्म हवाएं आती हैं। यहां के जलीय स्रोतों से ह्यूमिडिटी निकलती है। इन्हीं वजहों से डेथ वैली में जानलेवा गर्मी पड़ती है।
उसके बाद नाम आता है चीन के फ्लेमिंग माउंटेन। चीन का फ्लेमिंग माउंटेन टकलामाकेन रेगिस्तान के उत्तरी इलाके में है। शिनजियांग प्रांत के तियान शान में लाल सैंडस्टोन्स की पहाड़ियां स्थित हैं जिन्हें फ्लेमिंग माउंटेंस या हुओयान माउंटेंस भी कहा जाता है। इस पहाड़ की लंबाई 100 किलोमीटर और चौड़ाई 5 से 10 किलोमीटर है। इस इलाके में गर्मी के दिनों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक चला जाता है। बताया जाता है कि साल 2008 में इस इलाके में 66.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
इसके अलावा ईरान के लुट रेगिस्तान। यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट में शामिल दश्त-ए-लुट नाम से प्रसिद्ध यह जगह दुनिया का 34वां सबसे बड़ा रेगिस्तान है। इस रेगिस्तान की लंबाई 480 किमी और चौड़ाई 320 किमी है। इसमें न कोई पौधे हैं और न ही जीव जंतु। नासा ने एक्वा सैटेलाइट से इस रेगिस्तान की सतह का तापमान साल 2003 से 2010 तक मापा था। इस दौरान यहां का तापमान 70.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
वहीं अफ्रीका के सहारा रेगिस्तानभी दुनिया के सबसे गर्म स्थानों में शामिल है। यहां पर औसत तापमान 35 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। सालभर में 100 मिलिमीटर से कम यहां पर बारिश होती है जो कि न के बराबर है। सहारा रेगिस्तान में अधिकतम तापमान 58 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया जबकि सतह का तापमान 76 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। यह दुनिया का सबसे बड़ा गर्म रेगिस्तान है।
फिर नाम आता है अमेरिका के सोनोरन रेगिस्तान का। यह रेगिस्तान अमेरिका से उत्तरी मेक्सिको तक फैला हुआ है। यहां पर जानलेवा गर्मी पड़ती है। इसके अलावा यहां कैक्टस के पौधे उगे हैं जो बेहद खतरनाक हैं। यह रेगिस्तान एरिजोना प्रांत में स्थित है जहां कुछ दुर्लभ जगुआर देखे जाते हैं। यहां का औसत तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाता है।
Leave a comment