कोल इंडिया के शेयर बिक्री पर मुहर, कामगारों में आक्रोश

कोल इंडिया के शेयर बिक्री पर मुहर, कामगारों में आक्रोश

कोरबा :श्रमिक संगठनों के विरोध के बावजूद कोल इंडिया में विनिवेश की प्रक्रिया बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने पर अंतिम मुहर लगा दी गई है। श्रम संगठनों में इस निर्णय से आक्रोश व्याप्त हो गया है। शुक्रवार को काला फीता लगाकर समस्त कोयला कर्मचारियों द्वारा प्रतिकात्मक विरोध दिवस देश भर में मनाया जाएगा।  

सूत्रों के मुताबिक कोल इंडिया के शेयर की बिक्री दो तरह से की जाएगी। कोयला उद्योग के 10 फीसदी शेयर की बिक्री पहले ही कर दी गई है जबकि 10 फीसदी और बिक्री की जानी है, जिसके तहत 5 प्रतिशत शेयर की सीधी बिक्री होगी और शेष 5 प्रतिशत ग्रीन शू ऑप्शन के माध्यम से बेचे जाएंगे। 

कोल इंडिया की ओर से 31 करोड़ 58 लाख 18 हजार 220 शेयर बेचने का प्रस्ताव रखा गया है। कोल इंडिया में इसके पहले 10 प्रतिशत विनिवेश करके 21 हजार करोड़ रूपए की व्यवस्था केन्द्र सरकार ने की थी। इस बार राजकोषीय घाटे की पूर्ति के लिए 10 प्रतिशत और विनिवेश का प्रस्ताव रखा गया था। 

इसके माध्यम से 22 हजार करोड़ रूपए जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। उल्लेखनीय है कि कोल इंडिया के विनिवेश बढ़ाने के विरोध सहित अन्य मांगों को लेकर पांचों श्रमिक संगठनों इंटक, एटक, सीटू, एचएमएस, बीएमएस ने 6 दिनों की हड़ताल का आव्हान किया था और इसका असर दिखना भी शुरू हो गया था किन्तु दो दिन की हड़ताल से कोल इंडिया के हौंसले पस्त होने लगे और वार्ता कर समझौता किया। 

समझौते में कहा गया था कि कोल इंडिया का विनिवेश अब नहीं किया जाएगा, साथ ही किसी भी तरह की स्थिति में श्रम संगठनों से चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे। आश्वासन पर हड़ताल स्थगित कर दी गई, लेकिन जिस तरह से शेयर की बिक्री पर मुहर लगा दी गई उससे श्रमिक संगठनों को तगड़ा झटका लगा है। सभी संगठनों सहित कोयला कामगारों में आक्रोश देखा जा रहा है। देखना होगा कि इस वादाखिलाफी के विरूद्ध किस तरह का रूख श्रमिक संगठन अपनाने जा रहे हैं।

Leave a comment