
नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो ने सातों दिन व 24 घंटे की IVRS आधारित दो भाषा वाली सूचना हेल्पलाइन नंबर 155370 शुरू किया है। इस हेल्पलाइन को शुरू करने का उद्देश्य स्टेशन परिसरों पर सूचना बोर्ड से अनभिज्ञ यात्रियों की मदद करना है। जानकारी के अभाव में लोग इसका इस्तेमाल नहीं करते।
वैसे तो मेट्रो को सुरक्षित माना जाता है, लेकिन यात्रा के दौरान इसमें भी महिलाओं से छेड़छाड़ और बदतमीजी की घटनाएं होती हैं। ऐसे में यह मेट्रो की सुरक्षा पर सवाल भी खड़े करता है। बावजूद इसके गुड़गांव की रहने वाली नेहा यादव ने हेल्पलाइन नंबर 155370 का सही इस्तेमाल कर अन्य युवतियों-महिलाओं को प्रेरित किया है।
नेहा के मुताबिक, 155370 नंबर किसी भी जरूरतमंद को आसानी से मदद मुहैया करा देता है। यह नंबर मेट्रो कंपार्टमेंट में लिखा हुआ दिख जाता है। नेहा ने बताया कि वह गुड़गांव में रहती हैं और दिल्ली में जॉब करती है। ऐसे में तकरीबन रोजाना उन्हें दिल्ली-गुड़गांव आने-जाने के लिए मेट्रो का सराहा लेना पड़ता है।
ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से मेट्रो के महिला कंपार्टमेंट को चुनती हूं। रोज की तरह उस दिन जैसे ही मैं मेट्रो में घुसी तो मैंने पाया कि महिला कंपार्टमेंट में एक शख्स खड़ा है। 35 साल की उम्र वाले शख्स को जब मैंने जाने के लिए कहा तो उसने बदतमीजी शुरू कर दी। उसने कहा, 'आप अपना काम करो।
काफी बोलने और शिकायत करने की धमकी देने के बाद भी वह नहीं माना तो मैंने हेल्पलाइन नंबर 155370 पर फोन किया। मेरे फोन करने पर दो स्टेशन बाद ही पुलिस आई और उस मनचले को पकड़कर ले गई। जिस सुरक्षाकर्मी ने यह शिकायत ली थी उसका कहना था कि हमें तो इतने कॉल आते हैं पर किसी को नंबर नहीं पता होता। हर एक मेट्रो के कंपार्टमेंट चेक करने पड़ते हैं, आपने तो कमाल कर दिया।
जैसे ही नेहा ने यह बात ट्वीटर पर पोस्ट की, उन्हें लोगों का जबरदस्त समर्थन हासिल हुआ। नेहा का कहना है कि इमरजेंसी नंबर से आप खुद के साथ दूसरों की भी मदद कर सकते हैं।
गौरतलब है कि इंटरेक्टिव वॉयस रेस्पोंस सिस्टम (IVRS) हेल्पलाइन नंबर 155370 पर यात्रियों के सवालों का जवाब देता है। इसमें हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जवाब सुनने का विकल्प है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के एक अधिकारी के मुताबिक, इस सेवा का निर्माण खासकर लोगों की शिकायतों, सलाहों को लेकर अधिक प्रभावी तरीके से सभी जरूरी सूचनाएं देने के लिए किया गया है।
हेल्पलाइन सेवा की शुरुआत करते हुए डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने कहा था कि कॉरिडोर, समय, किराया, मेट्रो संग्रहालय की जानकारियां भी एक बटन दबाने के साथ ही उपलब्ध होंगी। इसमें इमरजेंसी बुलेटिन का प्रावधान भी रखा गया है, ताकि यात्रियों को मेट्रो प्रणाली में किसी भी सेवा के बाधित होने या तकनीकी समस्या आने पर तत्काल उसकी जानकारी दी जा सके।
Leave a comment