मुझे फंसाया गया, कुश्ती संघ कराएगा जांच : नरसिंह

मुझे फंसाया गया, कुश्ती संघ कराएगा जांच : नरसिंह

सोनीपत : ओलिंपिक में भारत की संभावनाओं को बड़ा झटका लगा है। कुश्ती में पदक के दावेदार नरसिंह यादव डोप टेस्ट में फंस गए हैं। 5 जुलाई को हुए डोप टेस्ट में नरसिंह फेल हो गए। अब उनके रियो जाने के आसार बहुत ही कम हैं। 

नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) और खेल मंत्रालय ने डोप टेस्ट में फेल होने की पुष्टि की है। नरसिंह इसे साजिश बता रहे हैं। वहीं, सुशील कुमार ने सोशल मीडिया पर एक फोटो पोस्ट किया है। इसमें लिखा है सम्मान उनके लिए होता है जो इसे कमाते हैं। उनके लिए नहीं जो इसे मांगते हैं।

नाडा के डायरेक्टर जनरल नवीन अग्रवाल ने कहा, नरसिंह प्रतिबंधित दवा स्टेरॉयड के सेवन के दोषी पाए गए हैं। उनका बी सैंपल भी पॉजीटिव रहा। हम इस मामले में जल्द कार्रवाई करेंगे। हालांकि हमें इंतजार करना होगा। क्या नरसिंह रियो से बाहर हो जाएंगे? के जवाब में अग्रवाल ने कहा,इस बारे में कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी।

नरसिंह ने पिछले साल वर्ल्ड चैंपियनशिप में 74 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतकर रियो ओलिंपिक का टिकट हासिल किया था। इसके बाद लंदन ओलिंपिक के रजत पदक विजेता सुशील कुमार से अदालती लड़ाई जीतकर रियो में उतरने का हक पाया था।

साजिश किसकी  ?

इस बारे में न तो नरसिंह कुछ बोल रहे हैं और न ही कुश्ती संघ। लेकिन नरसिंह की टीम के साथियों का कहना है कि हो सकता है नरसिंह को सोनीपत साई सेंटर में दिए जा रहे फूड में प्रतिबंधित दवा मिला दी गई हो? अब कुश्ती संघ फूड सप्लीमेंट की जांच करेगा।

क्या सुशील पर शक है? दबे शब्दों में। जिस तरह नरसिंह-सुशील के बीच विवाद हुआ था, उससे तो आशंका यही है। फिर नरसिंह के फंसने के बाद सुशील ने जो बयान पोस्ट किया, उससे भी इस आशंका को बल मिलता है। इतना ही नहीं, सुशील के कोच सतपाल का यह बयान कि वे तो पहले से ही जानते थे कि नरसिंह ऐसा करेंगे, से साजिश की आशंका लगती है।

कुश्ती संघ अभी पूरी तरह नरसिंह के साथ है। उसने जांच के लिए कमेटी बना दी है। एक सप्ताह में रिपोर्ट आएगी। संघ के अध्यक्ष ब्रिजभूषण शरण सिंह ने बताया कि हम हर एंगल से जांच करवा रहे हैं। 

Leave a comment