
पूर्व विश्व नंबर वन और दो बार की ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन बेलारूस की स्टार टेनिस खिलाड़ी विक्टोरिया अजारेंका घुटने की चोट के कारण सोमवार से शुरू हो रहे वर्ष के तीसरे ग्रैंड स्लेम विंबलडन टूर्नामेंट से बाहर हो गयीं। आयोजनकर्ताओं ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्विटर पर कहा कि विक्टोरिया अजारेंका ने घुटने की चोट के कारण विंबलडन से अपना नाम वापस ले लिया है। हम आशा करते हैं कि वह चोट से जल्दी से उबर जाएंगी। 26 वर्षीय अजारेंका विंबलडन में दो बार सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। हालांकि यह दूसरी बार है जब उन्हें विंबलडन से नाम वापस लेना पड़ा है। साल 2012 और 2013 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने वाली अजारेंका को फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में विश्व की 118वीं रैंकिंग की खिलाड़ी इटली की करीन नैप के हाथों पराजय झेलनी पड़ी थी। बेलारूस की इस खिलाड़ी को वर्ष के तीसरे ग्रैंड स्लेम विंबलडन में छठी वरीयता दी गयी थी। उन्होंने 2012 के लंदन ओलंपिक में महिला एकल वर्ग में रजत तथा युगल वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

Leave a comment